Etah News जलेसर शनि जात को लेकर पुलिस का ट्रैफिक प्लान लागू,भारी वाहनों पर शहर में प्रवेश प्रतिबंधित
Etah News: जलेसर में 4 जुलाई शनि जात को लेकर पुलिस ने ट्रैफिक प्लान लागू किया। शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा, पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई।
Etah News: आगामी 4 जुलाई को आषाढ़ मास के प्रथम शनिवार पर आयोजित होने वाली प्रसिद्ध शनि जात को लेकर जलेसर पुलिस प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए शहर में बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया है। पुलिस ने विभिन्न मार्गों पर पार्किंग और बैरियर की व्यवस्था कर वाहनों को शहर की सीमा से बाहर ही रोकने की योजना लागू कर दी है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि आषाढ़ मास के प्रत्येक शनिवार और बुधवार को शनि जात में लाखों श्रद्धालु जलेसर पहुंचते हैं। ऐसे में भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विस्तृत यातायात योजना तैयार की गई है।
योजना के अनुसार सादाबाद, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, इसौली, अवागढ़, निधौली, सासनी और सिकंद्राराऊ मार्ग से आने वाले बड़े वाहनों को शहर के बाहर निर्धारित स्थानों पर ही रोका जाएगा। वहीं छोटे चार पहिया वाहनों की पार्किंग एमजीएम इंटर कॉलेज परिसर में की जाएगी, जिससे नगर के भीतर यातायात बाधित न हो।
सीओ ने बताया कि शनि जात के दौरान प्रत्येक शुक्रवार दोपहर 12 बजे से शनिवार दोपहर 2 बजे तक तथा मंगलवार दोपहर 12 बजे से बुधवार दोपहर 12 बजे तक नगर सीमा में तीन पहिया वाहनों के प्रवेश पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। यह व्यवस्था श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही और जाम की स्थिति से बचने के उद्देश्य से लागू की गई है।
पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात व्यवस्था में सहयोग करें, अनावश्यक रूप से निजी वाहनों का प्रयोग न करें तथा पुलिस द्वारा निर्धारित पार्किंग स्थलों और यातायात निर्देशों का पालन करें। प्रशासन का कहना है कि शनि जात को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।