Etah: रानी अवंतीबाई लोधी जयंती पर भव्य शोभायात्रा, बीएल वर्मा ने 2027 में भाजपा जीत का किया दावा
Etah News: एटा में रानी अवंतीबाई लोधी की 195वीं जयंती पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने 2027 में भाजपा की जीत का दावा करते हुए कहा कि पार्टी 2017 से अधिक सीटें जीतेगी।
Etah News
Etah News: वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी की 195वीं जयंती के अवसर पर मंगलवार को एटा शहर के प्रमुख मार्गों पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा का शुभारंभ केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने किया। इस दौरान लोधी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड समेत बड़ी संख्या में लोधी समाज के नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। शोभायात्रा के दौरान जीटी रोड पर बड़ी संख्या में डोले और झांकियां दिखाई दीं। ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर लोधी समाज के लोग नाचते-गाते और उत्साह एवं उमंग के साथ शोभायात्रा में शामिल हुए।
शोभायात्रा के बाद एटा के जनेश्वर मिश्र मीटिंग हॉल में सभा का आयोजन किया गया। सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने रानी अवंतीबाई लोधी के साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति को याद किया। उन्होंने कहा कि वीरांगना का जीवन समाज और देश के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके संघर्ष और बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है। बीएल वर्मा के नेतृत्व और उपस्थिति में निकली शोभायात्रा में बड़ी संख्या में लोधी समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।लोधी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड ने भी शोभायात्रा में शामिल लोगों का उत्साह बढ़ाया और समाज के हर दुख-दर्द में साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया। उनके साथ बड़ी संख्या में समाज के लोग पैदल शोभायात्रा में आगे बढ़े। जीटी रोड पर जगह-जगह लोगों की भीड़ दिखाई दी। ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर युवा और बुजुर्ग नाचते-झूमते नजर आए। शोभायात्रा में शामिल लोग वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे।
शोभायात्रा में शामिल भव्य झांकियां आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी से शहर में जयंती का उत्सव देखते ही बन रहा था। पूरे मार्ग पर वीरांगना के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा। विभिन्न समाजों के लोगों ने शोभायात्रा में शामिल लोगों के लिए कैंप लगाकर जलपान की व्यवस्था की और उनका स्वागत किया।केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भी भाजपा की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह वर्ष 2017 में भाजपा ने 300 से अधिक सीटों के साथ प्रदेश में सरकार बनाई थी, उसी तरह 2027 में भी भाजपा सरकार बनाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारियों में पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया।
जनेश्वर मिश्र मीटिंग हॉल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों का पगड़ी पहनाकर और वीरांगना अवंतीबाई लोधी की तस्वीर भेंट कर स्वागत किया गया। विभिन्न वक्ताओं ने वहां मौजूद समाज के लोगों को संबोधित किया। कार्यक्रम में बाहर से आए लोगों के लिए भोजन की भी व्यवस्था की गई।कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पत्रकार प्रमोद लोधी और प्रदीप वर्मा द्वारा मीडिया जगत के पत्रकारों को सम्मानित किया गया। संयुक्त प्रेस क्लब के अध्यक्ष सुनील मिश्रा, संदीप दीक्षित, राकेश कश्यप, वैभव वार्ष्णेय आदि पत्रकारों को सम्मानित किया गया। मंच का संचालन रमेश शयौराई ने किया। अंत में शोभायात्रा के अध्यक्ष अमर सिंह ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया।