Etah News: भूमि माफियाओं का नंगा नाच, प्राचीन शीतला माता मंदिर की जमीन पर कब्जे का आरोप

Etah News: एटा के इसौली गांव में मंदिर परिसर, हौद और सीमांकन चिन्हों को नुकसान पहुंचाने का आरोप, प्रशासन से पांच दिन में कार्रवाई और बाउंड्री निर्माण की मांग।

Update:2026-08-18 16:42 IST

भूमि माफियाओं का नंगा नाच, प्राचीन शीतला माता मंदिर की जमीन पर कब्जे का आरोप (Photo- Newstrack)

Etah News: एटा की जलेसर तहसील के ग्राम इसौली में नीलकोठी भूमि पर स्थित प्राचीन शीतला माता मंदिर परिसर को लेकर विवाद सामने आया है। राष्ट्रीय हनुमान दल ने आरोप लगाया है कि मंदिर की जमीन, हौद, मेड़बंदी और सीमांकन चिन्हों पर भूमि माफियाओं की ओर से कब्जे का प्रयास किया जा रहा है। मंदिर परिसर में लगे हरे पेड़ों की अवैध कटाई, हौद को ध्वस्त करने और मेड़ों को बार-बार तोड़ने का भी आरोप लगाया गया है।

राष्ट्रीय हनुमान दल के जिलाध्यक्ष दलवीर सिंह ने मंगलवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर पांच दिन के अंदर प्रशासन की ओर से जमीन की सुरक्षा के लिए बाउंड्री नहीं बनवाई गई और आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।

ग्राम सभा की जमीन पर कब्जे का आरोप

ज्ञापन में कहा गया है कि ग्राम सभा इसौली की गाटा संख्या 1215 और 1216 की भूमि ग्रामवासियों की धार्मिक आस्था, सार्वजनिक उपयोग और ग्राम सभा की संपत्ति है। इसके बावजूद आरोप है कि भूमि माफियाओं ने जमीन के सीमांकन चिन्ह तोड़ दिए और मेड़ों को बार-बार ध्वस्त किया। इसके साथ ही नीलकोठी की हौद को भी नष्ट करने और मंदिर परिसर के हरे पेड़ों की अवैध कटाई करने का आरोप लगाया गया है।

राष्ट्रीय हनुमान दल का कहना है कि इन घटनाओं से सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। साथ ही प्राचीन धार्मिक स्थल की पवित्रता और पर्यावरणीय संतुलन पर भी असर पड़ा है। संगठन ने प्रशासन से मंदिर परिसर और ग्राम सभा की जमीन को तत्काल सुरक्षित कराने की मांग की है।


पांच दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो धरने की चेतावनी

ज्ञापन के जरिए साफ चेतावनी दी गई है कि तय समय सीमा में प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो इसे प्रशासन की घोर लापरवाही और मिलीभगत माना जाएगा। संगठन का कहना है कि ऐसी स्थिति में लोगों की भावनाएं आहत होंगी और राष्ट्रीय हनुमान दल सहित अन्य हिंदूवादी संगठन शीतला माता मंदिर परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने के लिए मजबूर होंगे।

संगठन ने यह भी कहा है कि धरने की स्थिति बनने पर किसी भी अप्रिय घटना की पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।

संयुक्त निरीक्षण और पुलिस निगरानी की मांग

ज्ञापन में मंदिर परिसर की स्थिति की जांच के लिए तत्काल संयुक्त राजस्व और पुलिस निरीक्षण कराने की मांग की गई है। मंदिर परिसर, हौद, मेड़बंदी और सीमांकन चिन्हों को सुरक्षित करने के साथ आरोपितों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग भी रखी गई है।

इसके अलावा पांच दिन के अंदर मंदिर और संबंधित भूमि की बाउंड्री बनवाने, चेतावनी बोर्ड लगाने और पुलिस निगरानी की व्यवस्था करने की मांग की गई है। पेड़ों की अवैध कटाई के मामले में वन विभाग को भी अलग से सूचना देकर जांच कराने की बात कही गई है।

प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी नजर

अब इस मामले में प्रशासन की कार्रवाई पर नजर है। राष्ट्रीय हनुमान दल ने प्राचीन मंदिर और ग्राम सभा की जमीन की सुरक्षा को लेकर तत्काल कदम उठाने की मांग की है। संगठन ने स्पष्ट किया है कि पांच दिन के भीतर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा।

Tags:    

Similar News