Etawah News: संदिग्ध परिस्थितियों में मनोज की मौत, पत्नी ने ससुरालियों पर जहर देने का लगाया आरोप

Etawah News: इटावा के बराही टोला में मनोज की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पत्नी मानसी ने ससुराल पक्ष के लोगों पर पति को जहर देकर मारने और अपने साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है।

Update:2026-11-13 14:54 IST

Etawah News

Etawah News: इटावा के थाना कोतवाली क्षेत्र के बराही टोला में रहने वाले मनोज की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पत्नी मानसी ने अपने ससुराल पक्ष के लोगों पर पति को जहर खिलाकर मारने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मनोज जयपुर में रहकर सिलाई का काम करते थे। दीपावली की छुट्टियों में वह अपने घर इटावा आए हुए थे। शुक्रवार को उनकी भतीजी अंजलि उन्हें मृत अवस्था में जिला अस्पताल लेकर पहुंची। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन बिना पुलिस को सूचना दिए शव को अस्पताल से घर ले आए। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मृतक की पत्नी मानसी ने बताया कि गुरुवार शाम करीब चार बजे मनोज घर आए थे। इसके बाद वह कमरे में चले गए और अंदर से दरवाजे की कुंडी लगा ली। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों को सूचना दी गई। 

इसके बाद ससुराल पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंचे और मनोज को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।मानसी का आरोप है कि अस्पताल से घर लौटने के बाद ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट की। इसके चलते वह अपने बच्चों को लेकर मायके चली गई। पत्नी ने आरोप लगाया कि उसके पति को ससुरालियों ने जहर खिलाया है। हालांकि, मौत के कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

Tags:    

Similar News