Etawah News: पैदल गश्त के दौरान पुलिस ने दौड़कर पकड़े तीन सवारी बाइक सवार

Etawah News: इटावा में पैदल गश्त के दौरान एसपी सिटी बबीता सिंह और कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह की मौजूदगी में पुलिस ने तीन सवारी बाइक सवार युवकों को दौड़ाकर पकड़ लिया।

Update:2026-11-28 08:45 IST

Etawah News

Etawah News: इटावा शहर में कानून-व्यवस्था मजबूत बनाए रखने और यातायात नियमों का पालन कराने के लिए पुलिस ने विशेष पैदल गश्त अभियान चलाया। इस दौरान एसपी सिटी बबीता सिंह और कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने शास्त्री चौराहे से पैदल गश्त शुरू की, जो नौरंगाबाद चौराहा, नौरंगाबाद पुलिस चौकी होते हुए पक्का तालाब तक पहुंची। इस दौरान पुलिस ने प्रमुख मार्गों पर भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।

गश्त के दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया। सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से खड़े दोपहिया वाहनों की जांच की गई। पुलिसकर्मियों ने वाहन चालकों से जरूरी दस्तावेज दिखाने को कहा और संदिग्ध वाहनों की डिक्की खुलवाकर भी तलाशी ली। सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़े करने वालों को चेतावनी देकर उन्हें हटवाया गया, ताकि यातायात बाधित न हो और जाम की स्थिति पैदा न हो।इसी दौरान नौरंगाबाद पुलिस चौकी के पास एक बाइक पर तीन युवक सवार होकर आते दिखाई दिए। पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने का इशारा किया, लेकिन पुलिस को सामने देखकर बाइक सवार घबरा गए। रुकने के बजाय उन्होंने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी और मौके से भागने का प्रयास किया। यह देखकर पुलिसकर्मियों ने तत्काल उनका पीछा शुरू कर दिया।

पुलिस जवानों ने तेजी दिखाते हुए बाइक सवारों के पीछे दौड़ लगाई और कुछ दूरी पर घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाली बाइक को अपने कब्जे में लेकर पुलिस चौकी पर खड़ा करा दिया।एसपी सिटी बबीता सिंह और कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह की मौजूदगी में हुई इस कार्रवाई से नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों में हलचल मच गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन कराने के लिए पैदल गश्त और चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Tags:    

Similar News