Etawah News : 25 हजार से अधिक अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, प्रशासन ने कसी सुरक्षा व्यवस्था

Etawah News : इटावा में 11 परीक्षा केंद्रों पर 25,000+ अभ्यर्थियों के लिए कड़ी सुरक्षा, डीएम-एसएसपी ने तैयारियों का लिया जायजा।

Update:2026-06-08 21:22 IST

Etawah News

Etawah News :  उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा-2025 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी क्रम में सोमवार को जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

अधिकारियों ने जनता इंटर कॉलेज, इस्लामिया गर्ल्स इंटर कॉलेज तथा तिवारी ज्वाला प्रसाद आर्य कन्या इंटर कॉलेज सहित अन्य परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया। निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की चेकिंग और फ्रिस्किंग, सीसीटीवी निगरानी, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, यातायात नियंत्रण तथा पार्किंग प्रबंधन की व्यवस्थाओं का बारीकी से परीक्षण किया गया।

जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने परीक्षा ड्यूटी में लगाए गए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा को पूर्णतः नकलविहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों को सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।

जानकारी के अनुसार जनपद में कुल 11 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां तीन दिनों तक आयोजित होने वाली इस भर्ती परीक्षा में लगभग 25,632 अभ्यर्थी शामिल होंगे। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा परीक्षा का आयोजन 8, 9 और 10 जून 2026 को दो पालियों में किया जा रहा है। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली अपराह्न 3 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होगी।

परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके अलावा संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल और एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, नकल अथवा अन्य अनुचित गतिविधि पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान पुलिस एवं प्रशासन के कई अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। जिला प्रशासन का दावा है कि सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और परीक्षा को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराया जाएगा।

Tags:    

Similar News