Etawah News: लूट की योजना बना रहे दो बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, स्कॉर्पियो बरामद
Etawah News: इटावा में लूट की योजना बना रहे दो बदमाशों को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से स्कॉर्पियो वाहन भी बरामद किया है। आगे की कार्रवाई जारी है।
Etawah News(Photo-Social Media)
Etawah News: उत्तर प्रदेश के इटावा जनपद में अपराध और लूट की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लूट की योजना बना रहे दो शातिर बदमाशों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की काली स्कॉर्पियो बरामद की है। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 11/12 मई 2026 की रात थाना वैदपुरा पुलिस ग्राम छितौनी से खरदूली मार्ग पर संदिग्ध वाहन और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बिना नंबर प्लेट की काली स्कॉर्पियो में सवार दो व्यक्ति किसी बड़ी लूट की घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम खरदूली पहुंची, जहां संदिग्धों ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया और फायरिंग शुरू कर दी।
बदमाशों द्वारा पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से की गई फायरिंग में थाना वैदपुरा की सरकारी गाड़ी की दाहिनी ओर की लाइट क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी सिकंदर उर्फ अखिल के दोनों पैरों में गोली लगी। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए दोनों आरोपियों को चकबा बुजुर्ग जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे क्षेत्र में किसी बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिकंदर उर्फ अखिल निवासी कुनैरा थाना फ्रेंड्स कॉलोनी और नितिन उर्फ छोटू निवासी कुनैरा थाना वैदपुरा के रूप में हुई है। सिकंदर एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी है, जिसके खिलाफ हत्या, लूट, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 02 अवैध तमंचा 315 बोर, 05 खोखा कारतूस, 04 जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की एक काली स्कॉर्पियो बरामद की है। बरामद स्कॉर्पियो को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया है। मामले में थाना वैदपुरा में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।