Etawah News: नदी में डूब रहे 67 वर्षीय वृद्ध की पुलिस ने बचाई जान, समय रहते चला रेस्क्यू अभियान

Etawah News: इटावा में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए नदी में डूब रहे 67 वर्षीय वृद्ध की जान बचाई। समय रहते रेस्क्यू अभियान चलाकर बुजुर्ग को सुरक्षित निकाला गया।

Update:2026-08-07 15:25 IST

Etawah News(Photo-Social Media)

Etawah News: इटावा में पुलिस की तत्परता और स्थानीय गोताखोरों के साहसिक प्रयास से यमुना नदी में डूब रहे एक 67 वर्षीय वृद्ध की जान बचा ली गई। थाना बढ़पुरा क्षेत्र में शुक्रवार सुबह हुई इस घटना में पुलिस ने सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू कराया। स्थानीय गोताखोरों ने अपनी जान की परवाह किए बिना गहरे पानी में उतरकर वृद्ध को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस मानवीय कार्य की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) अभयनाथ त्रिपाठी के पर्यवेक्षण में इटावा पुलिस आमजन की सुरक्षा और जनसेवा के लिए लगातार त्वरित कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में शुक्रवार, 7 अगस्त 2026 को सुबह करीब 10:30 बजे सूचना मिली कि थाना बढ़पुरा क्षेत्र में एक वृद्ध ने यमुना नदी में छलांग लगा दी है।

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष बढ़पुरा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उदी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राजकुमार सिंह भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने देखा कि वृद्ध नदी के बीच गहरे पानी में डूब रहे हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय गोताखोरों की मदद से तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। गोताखोर रस्सों और अन्य उपलब्ध संसाधनों के सहारे नदी में उतरे और काफी मशक्कत के बाद वृद्ध को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

पूछताछ में वृद्ध ने अपना नाम मेवाराम पुत्र मटोले, उम्र करीब 67 वर्ष, निवासी ग्राम छोटी गाती, थाना बढ़पुरा, जनपद इटावा बताया। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके दोनों बेटे अर्जुन और भीम सिंह अपने परिवार के साथ दिल्ली में रहते हैं, जबकि वह गांव में अकेले रहते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि वह लंबे समय से श्वास और चर्म रोग से पीड़ित हैं। बीमारी, शारीरिक तकलीफ और अकेलेपन से परेशान होकर उन्होंने आत्मघाती कदम उठाया था।

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने वृद्ध के परिजनों को मौके पर बुलाया। पुलिस ने परिवार के सदस्यों की काउंसलिंग करते हुए वृद्ध की नियमित देखभाल, उचित उपचार और भावनात्मक सहयोग देने की सलाह दी। इसके बाद मेवाराम को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

रेस्क्यू अभियान में साहस और मानवता का परिचय देने वाले स्थानीय गोताखोरों को इटावा पुलिस ने सम्मानित और पुरस्कृत भी किया। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि परिवार का कोई सदस्य मानसिक तनाव, गंभीर बीमारी, अवसाद या अकेलेपन से जूझ रहा हो तो उसकी समय पर देखभाल करें और आवश्यकता पड़ने पर चिकित्सकीय सहायता लेने के साथ पुलिस को भी तत्काल सूचना दें।

Tags:    

Similar News