Etawah: विश्व सिंह दिवस: सफारी पार्क में जागरूकता कार्यक्रम, DM-SSP ने दिया वन्यजीव संरक्षण का संदेश

Etawah News: डीएम-एसएसपी ने वन्यजीव संरक्षण का संदेश दिया, बच्चों ने जानवरों की वेशभूषा में प्रस्तुतियां देकर पर्यावरण और जैव विविधता के महत्व को समझाया।

Update:2026-08-10 20:39 IST

विश्व सिंह दिवस: सफारी पार्क में जागरूकता कार्यक्रम, DM-SSP ने दिया वन्यजीव संरक्षण का संदेश (Photo- Newstrack)

Etawah News: विश्व सिंह दिवस के अवसर पर सोमवार, 10 अगस्त को इटावा सफारी पार्क में वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ला और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से प्रतिभाग किया। अधिकारियों ने कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को वन्यजीवों के संरक्षण और प्राकृतिक पर्यावरण की सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनने का संदेश दिया।


कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने विभिन्न जंगली जानवरों की वेशभूषा धारण कर मनमोहक और आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की इन प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया। प्रस्तुतियों के माध्यम से वन्यजीवों के संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा और जैव विविधता के महत्व को सरल एवं प्रभावी तरीके से समझाने का प्रयास किया गया।


वन्यजीव और पर्यावरण का संरक्षण हम सबकी जिम्मेदारी

इस अवसर पर जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ला और एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया। अधिकारियों ने कहा कि वन्यजीव और पर्यावरण का संरक्षण किसी एक व्यक्ति या विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बच्चों और युवाओं में प्रकृति एवं वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना बेहद जरूरी है, क्योंकि यही भावी पीढ़ी पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।


प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र का संतुलन बिगड़ने न पाए

कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया गया कि जंगल, वन्यजीव और पर्यावरण एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। वन्यजीवों का संरक्षण होने से प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र का संतुलन बना रहता है और जैव विविधता सुरक्षित रहती है। ऐसे में वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास को बचाना और उनके प्रति संवेदनशील व्यवहार करना बेहद आवश्यक है।


पुलिस की ओर से जनपदवासियों से अपील की गई कि वे वन्यजीवों और प्राकृतिक संपदा के संरक्षण में सक्रिय सहभागिता करें। साथ ही पर्यावरण के प्रति संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक बनकर आने वाली पीढ़ी के लिए सुरक्षित एवं स्वस्थ वातावरण तैयार करने में अपना योगदान दें।

Tags:    

Similar News