Fatehpur News: ससुराल आए युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिला शव
Fatehpur News: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के हथगांव थाना क्षेत्र में ससुराल आए 35 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में नीम के पेड़ से लटकता मिला। घटना से परिवार में कोहराम मच गया है।
Fatehpur News
Fatehpur News: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के हथगांव थाना क्षेत्र के छोटी संझिया गांव में शनिवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब ससुराल आए एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में एक बाग के नीम के पेड़ से फंदे पर लटकता हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।मृतक की पहचान हुसैनगंज थाना क्षेत्र के अलावलपुर गांव निवासी सियाराम (लगभग 35 वर्ष) के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सियाराम की शादी करीब आठ वर्ष पूर्व विमला देवी के साथ हुई थी। दंपति के दो बेटे हैं—बड़ा बेटा आर्यन और छोटा बेटा आयुष। अचानक हुई इस असामयिक मौत से पत्नी विमला देवी और दोनों मासूम बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है।युवक ने किन परिस्थितियों में और किन कारणों के चलते यह आत्मघाती कदम उठाया, फिलहाल इसका स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, जिन्हें ग्रामीणों ने दबी जुबान में साझा किया।
सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची, शव को फंदे से उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल, पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है और मृतक के गले पर दिख रहे निशान को लेकर पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।