Fatehpur News: थार ने पल्सर बाइक को मारी टक्कर, 30 मीटर तक घसीटा, एक की मौत, दूसरा गंभीर
Fatehpur News: थरियांव में प्रयागराज मार्ग पर थार ने पल्सर को टक्कर मारी और 30 मीटर तक घसीटा। अजमेर शरीफ से लौट रहा परिवार थार में था, चालक हिरासत में लिया गया। मामले की जांच।
थार ने पल्सर बाइक को मारी टक्कर, 30 मीटर तक घसीटा, एक की मौत, दूसरा गंभीर (Photo- Newstrack)
Fatehpur News: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के थरियांव थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। प्रयागराज मार्ग पर तेज रफ्तार थार गाड़ी ने आगे चल रही पल्सर बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक थार गाड़ी में फंस गई और चालक उसे करीब 30 मीटर तक सड़क पर घसीटता हुआ ले गया। इस हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
पेट्रोल पंप के सामने हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सूरजभान पुत्र सतपाल निवासी घगोली रम्मवा, थाना राधानगर और उनके साथी ज्ञानेंद्र पुत्र बालकरण निवासी बसावनपुर, राधानगर पल्सर मोटरसाइकिल से बराईखुर्द अम्बापुर की ओर जा रहे थे। जब दोनों प्रयागराज रोड स्थित एचपी पेट्रोल पंप के सामने चैनज नंबर 562+620 के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही टेंपरेरी नंबर T1125UP620028C वाली थार गाड़ी ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद बाइक थार गाड़ी में फंस गई और करीब 30 मीटर तक घिसटती चली गई। घटना की सूचना मिलते ही 112 पीआरवी और थरियांव थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने 57 वर्षीय सूरजभान को मृत घोषित कर दिया। वहीं, ज्ञानेंद्र की हालत गंभीर बताई गई है।
अजमेर शरीफ से दर्शन कर लौट रहा था परिवार
थरियांव थाने के एसआई सतीश पंवार ने शाम करीब 3:30 बजे घटना की जानकारी देते हुए बताया कि थार गाड़ी में मोहम्मद शब्बीर पुत्र मोहम्मद अख्तर निवासी 12/14 कानपुर रोड, सिविल लाइंस, प्रयागराज अपने परिवार के साथ सवार थे। परिवार अजमेर शरीफ में दर्शन करने के बाद वापस अपने घर प्रयागराज लौट रहा था। इसी दौरान यह हादसा हो गया।
थार चालक हिरासत में, पुलिस कर रही जांच
हादसे के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था संभाली और बाधित मार्ग को दोबारा सुचारू कराया, ताकि राहगीरों को परेशानी न हो। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल थार गाड़ी को कब्जे में ले लिया है और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है।
एसआई सतीश पंवार के मुताबिक, मामले में चालक के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही पुलिस हादसे के कारणों की गहराई से जांच-पड़ताल कर रही है।