तुम जैसे तलवे चाटते हैं...बंद करा दूंगा..., प्रयागराज में SDM की ‘गुंडई’; डॉक्टर को दी गालियां
SDM Kamal Kumar Singh: पीड़ित डॉक्टर डॉ. विभा राय के मुताबिक कमल खुद को प्रशासनिक अफसर बता रहे थे। उन्होंने धमकी दी कि वह बहुत पावरफुल हैं।
Prayagraj News
SDM Kamal Kumar Singh: औरैया में तैनात एसडीएम कमल कुमार सिंह ने प्रयागराज के एक हॉस्पिटल में महिला डॉक्टर के साथ अभद्रता की। यही नहीं गालियां और धमकी देते हुए चैंबर में जमकर तोड़फोड़ भी की। पीड़ित डॉक्टर डॉ. विभा राय के मुताबिक कमल खुद को प्रशासनिक अफसर बता रहे थे। उन्होंने धमकी दी कि वह बहुत पावरफुल हैं। साथ ही कहा कि तुम जैसे डॉक्टर मेरे तलवे चाटते हैं। तुम्हारा हॉस्पिटल भी बंद करवा दूंगा। पीड़ित महिला डॉक्टर का कहना है कि मामले की शिकायत पुलिस से की गयी, लेकिन कोई एक्शन नहीं हुआ। इस पर अब महिला डॉक्टर ने कोर्ट में न्याय की गुहार लगायी है।
कोर्ट में याचिका दायर होने के बाद बीते तीन नवंबर को निचली अदालत में मामले की सुनवाई हुई। सुनवाई के बाद आदेश की कॉपी जब वेबसाइट पर अपलोड हुई तब पूरा मामला सामने आया। कोर्ट ने पूरे मामले का संज्ञान लिया और परिवाद दर्ज कर एसडीएम को नोटिस भेजने का आदेश दिया है। वहीं एसडीएम ने डॉक्टर के सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।
सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुई घटना
प्रयागराज के झूंसी इलाके के त्रिवेणीपुरम में डॉ. विभा राय संगम हॉस्पिटल चलाती हैं। डॉ. विभा राय का आरोप है कि दस अगस्त को वह हॉस्पिटल में मरीजों को देख रही थीं। तभी कमल कुमार सिंह अपनी पत्नी स्वाति सिंह के साथ चैंबर में जबरन घुसने लगे। जब मना किया गया तो अभद्र भाषा का प्रयोग किया और चैंबर में हाथापाई करते हुए तोड़फोड़ भी की। हॉस्पिटल में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। वहीं चैंबर में मरीजों के होने के कारण कैमरा न होने पर वहां की घटना की रिकॉर्डिंग नहीं हो सकी।
महिला डॉक्टर ने झूंसी थाने में सीसीटीवी फुटेज के साथ एफआईआर दर्ज करने के लिए शिकायत की। जब कोई कार्रवाई नहीं हुई तो वह 13 अगस्त को फिर से थाने पहुंचीं। तब थाना इंचार्ज ने कहा कि जांच में सामने आया है कि कमल कुमार सिंह औरैया के सदर तहसील में एसडीएम हैं। इसलिए कार्रवाई नहीं की जा सकती है। इसके बाद डॉ. विभा राय ने पुलिस आयुक्त प्रयागराज, मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक और मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र भेजा।
कोर्ट ने कहाः मामला गंभीर, SDM को नोटिस जारी करने का आदेश
इसके बाद डॉ. विभा राय ने कोर्ट की शरण ली। उन्होंने बीएनएस की धारा 173(4) के तहत परिवाद दायर किया। कोर्ट ने सीसीटीवी फुटेज, शपथ-पत्र और प्रार्थना-पत्रों को देखा और कहा कि मामला गंभीर है। कोर्ट ने परिवाद के रूप में दर्ज करने के लिए कहा। अदालत ने कहा कि विपक्षी पक्ष को भी सुनवाई का अवसर दिया जाए। मामले की अगली सुनवाई 25 नवंबर को होगी।
एसडीएम ने आरोपों को नकारा
वहीं एसडीएम कमल कुमार सिंह ने खुद पर लगे सभी आरोपों को बेबुनियाद करार दिया। उन्होंने कहा कि वह अपनी बहन को दिखाने के लिए हॉस्पिटल गये थे। नंबर लेने के बाद भी दो घंटे तक इंतजार कराया। पूछने पर यह कहा गया कि डॉक्टर अभी ऑपरेशन थिएटर में हैं। बाद में जब पता चला तो मिसबिहेव किया गया। गार्ड ने धक्का मारकर बाहर निकाला था।
कौन हैं SDM कमल कुमार सिंह
प्रयागराज के हनुमानगंज के रहने वाले कमल कुमार सिंह चार माह पहले तहसीलदार से एसडीएम बने हैं। 27 जुलाई से कमल कुमार सिंह औरैया मुख्यालय में तैनात हैं। 41 वर्षीय कमल सिंह एसडीएम बनने से पहले मैनपुरी, रायबरेली, आजमगढ़ और मिर्जापुर में तहसीलदार और नायब तहसीलदार पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।