Firozabad News: एक ही छत के नीचे हिंदू और मुस्लिम जोड़ों ने ली एक साथ रहने की शपथ
Firozabad News: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत जसराना और एका ब्लॉक के 64 हिंदू और 18 मुस्लिम जोड़ों की शादी हुई, सभी नवदंपत्तियों को गृहस्थी का सामान भी दिया गया।
एक ही छत के नीचे हिंदू और मुस्लिम जोड़ों ने ली एक साथ रहने की शपथ (Photo- Newstrack)
Firozabad News: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शिकोहाबाद के रामलीला ग्राउंड में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। समाज कल्याण विभाग की देखरेख में आयोजित इस कार्यक्रम में जसराना और एका ब्लॉक के कुल 82 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। खास बात यह रही कि एक ही छत के नीचे हिंदू और मुस्लिम समाज के जोड़ों ने अपने-अपने रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह की रस्में पूरी कीं। इस दौरान सभी नवदंपत्तियों को गृहस्थी का पूरा सामान भी दिया गया।
64 हिंदू और 18 मुस्लिम जोड़ों की हुई शादी
कार्यक्रम में पहले से चयनित 82 जोड़ों को शामिल किया गया था। इनमें 64 जोड़े हिंदू समाज और 18 जोड़े मुस्लिम समाज से थे। समारोह में एक तरफ मंत्रोच्चारण के बीच हिंदू जोड़ों ने अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए और एक-दूसरे का जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया। वहीं दूसरी तरफ मुस्लिम धर्मगुरुओं और मौलानाओं ने 18 मुस्लिम जोड़ों का निकाह पढ़ाया। दोनों समुदायों के जोड़ों ने अपनी धार्मिक परंपराओं के अनुसार विवाह की रस्में पूरी कीं और नए जीवन की शुरुआत की।
अधिकारियों ने नवदंपत्तियों को दिया आशीर्वाद
सामूहिक विवाह समारोह में पहुंचे अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने सभी नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया और उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की। समाज कल्याण विभाग की ओर से सभी जोड़ों को गृहस्थी का जरूरी सामान उपलब्ध कराया गया, ताकि वे अपने नए जीवन की शुरुआत कर सकें।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी शैलेन्द्र कुमार सिंह, परियोजना अधिकारी सुभाष चंद्र त्रिपाठी, समाज कल्याण अधिकारी राजमती, एसडीएम राजेश कुमार शुक्ला, एसडीएम मुख्यालय शालिनी, एडीएम नमामि गंगे मोहन लाल गुप्ता और चेयरमैन रानी गुप्ता मौजूद रहे।
इसके अलावा ब्लॉक प्रमुख एका ज्योति करण, टूंडला ब्लॉक प्रमुख सुशील कुमार, डीसी मनरेगा तूलिका सिंह और ब्लॉक प्रमुख जसराना संध्या लोधी सहित अन्य लोग भी समारोह में शामिल हुए। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में 82 जोड़ों ने वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत की।