Firozabad: पुलिस मुठभेड़ में वांछित अभियुक्त जाकिर हुसैन घायल, अवैध तमंचा और चोरी के उपकरण बरामद
Firozabad News: फिरोजाबाद के थाना रामगढ़ क्षेत्र में साती रोड के पास पुलिस और वांछित अभियुक्त जाकिर हुसैन के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त के पैर में गोली लगी।
Firozabad News
Firozabad News: फिरोजाबाद के थाना रामगढ़ क्षेत्र में मंगलवार को पुलिस और वांछित अभियुक्त के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त जाकिर हुसैन के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे उपचार के लिए पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर 2026 को एक व्यक्ति ने थाना रामगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके चचेरे भाई का कैंटर वाहन (नंबर UP80-BT-4887) जाटवपुरी चौराहे की सर्विस रोड से चोरी हो गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 675/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत दर्ज कर जांच शुरू की थी।विवेचना के दौरान चोरी की घटना में जाकिर हुसैन पुत्र सफी मोहम्मद निवासी पोंडरी, थाना अवागढ़, जनपद एटा, हाल निवासी पौतपुरी मोहल्ला, थाना जसराना, फिरोजाबाद का नाम सामने आया था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।इसी बीच 17 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि संबंधित अभियुक्त साती रोड के पास चोरी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना पर थाना रामगढ़ पुलिस और सर्विलांस टीम ने नायरा पेट्रोल पंप के पास नगला मिलिक जाने वाले रास्ते पर चेकिंग शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया तो वह भागने लगा। भागते समय वह फिसलकर गिर गया। पुलिस टीम को नजदीक आता देख उसने कथित तौर पर जान से मारने की नीयत से पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई।घायल की पहचान वांछित अभियुक्त जाकिर हुसैन के रूप में हुई। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, खोखा कारतूस तथा चोरी की घटनाओं में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण और अन्य सामान बरामद करने का दावा किया है।पुलिस ने घायल अभियुक्त को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी और चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। अभियान में अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में थाना रामगढ़ पुलिस एवं सर्विलांस टीम शामिल रही।