Firozabad News: मौत बनकर दौड़ा करंट, हैंडपंप की मरम्मत कर रहे 2 सगे भाई झुलसे, मौत
Firozabad News: फिरोजाबाद के फरिहा क्षेत्र स्थित नगला नोझर गांव में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। घर में हैंडपंप की मरम्मत करते समय हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से दो सगे भाइयों (अंकित और अंशुल) की झुलसकर मौत हो गई।
Firozabad News: फिरोजाबाद के थाना फरिहा क्षेत्र के गांव नगला नोझर में मंगलवार दोपहर दर्दनाक हादसे में दो सगे भाइयों की करंट लगने से मौत हो गई। हैंडपंप की मरम्मत के दौरान लोहे का पाइप ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन से छू गया, जिससे दोनों भाई गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए सरकारी ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार नगला नोझर निवासी 20 वर्षीय अंकित पुत्र दिनेश कुमार और उसका 17 वर्षीय भाई अंशुल अपने घर पर हैंडपंप की मरम्मत कर रहे थे। इसी दौरान हैंडपंप का लोहे का पाइप निकालते समय वह ऊपर से गुजर रही उच्च तापी विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया। पाइप में करंट दौड़ने से दोनों भाइयों को जोरदार झटका लगा और वे मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े।
हादसे के बाद परिवार और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।h परिजन दोनों को आनन-फानन में सरकारी ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दोनों युवकों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बताया गया है कि दोनों भाई अविवाहित थे।
अस्पताल प्रशासन ने शवों को पोस्टमार्टम गृह में रखवाकर मामले की सूचना पुलिस को दे दी है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।