Firozabad News: पेड़ से लटका मिला 20 वर्षीय युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

Firozabad News: फिरोजाबाद में 20 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Update:2026-07-15 13:44 IST

Firozabad News(Photo-Social Media)

Firozabad News: फिरोजाबाद के उत्तर थाना क्षेत्र में बुधवार को एक 20 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। वहीं, मृतक के परिजनों ने युवक की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाए जाने की आशंका जताई है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

मृतक की पहचान रिंकेश उर्फ भोला (20 वर्ष) पुत्र प्रेमचंद, निवासी गांव बिहारीपुर के रूप में हुई है। उसका शव उत्तर थाना क्षेत्र स्थित जी.डी. गोयनका स्कूल, ककराऊ कोठी के पास एक पेड़ से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना पर पहुंची उत्तर थाना पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवाकर कब्जे में लिया तथा पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों का आरोप है कि युवक की मौत सामान्य नहीं है। उनका कहना है कि शव की स्थिति संदिग्ध प्रतीत हो रही है और प्रथम दृष्टया मामला हत्या का लगता है। उनका आरोप है कि पहले युवक की हत्या की गई और बाद में साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को पेड़ पर लटका दिया गया।

गांव के प्रधान ने भी निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि घटना संदिग्ध प्रतीत होती है और पूरे मामले की गहन जांच कर सच्चाई सामने लाई जानी चाहिए, ताकि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो सके। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि फोरेंसिक जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। इसके बाद साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव बिहारीपुर और आसपास के क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

Tags:    

Similar News