Firozabad News: फिरोजाबाद में बोले मंत्री जयवीर सिंह, NEET धांधली पर सरकार कर रही सख्त कार्रवाई
Firozabad News: फिरोजाबाद में मंत्री जयवीर सिंह ने NEET परीक्षा धांधली, मंत्रिमंडल विस्तार और सपा प्रवक्ता की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए सरकार का पक्ष रखा।
Firozabad News(Photo-Social Media)
Firozabad News: फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद नगर में आयोजित व्यापारी सम्मेलन में प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के कई मुद्दों पर मीडिया से खुलकर बातचीत की।
मंत्रिमंडल विस्तार के बाद विभाग आवंटन पर दिया जवाब
प्रदेश सरकार में मंत्रिमंडल विस्तार के एक सप्ताह बाद भी विभागों का आवंटन न होने को लेकर विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर मंत्री जयवीर सिंह ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इसमें किसी प्रकार की समय सीमा तय नहीं होती है। मंत्री ने कहा, “सरकार के सभी काम सुचारु रूप से चल रहे हैं। विभागों का आवंटन कभी भी हो सकता है। विपक्ष को इस मुद्दे पर ज्यादा चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है।”
NEET परीक्षा धांधली पर बोले मंत्री
NEET परीक्षा पेपर लीक मामले पर मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि सरकार ने परीक्षा में हुई गड़बड़ी को गंभीरता से लिया है। उन्होंने बताया कि परीक्षा आयोजित कराने वाली एजेंसी ने भी अनियमितताओं को स्वीकार किया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच तेजी से की जा रही है और सीबीआई लगातार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। कई आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। सरकार इस दिशा में ऐसे कदम उठा रही है ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। मंत्री ने यह भी बताया कि आगामी जून महीने में दोबारा परीक्षा आयोजित की जाएगी और इसके लिए परीक्षार्थियों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
सपा प्रवक्ता की टिप्पणी पर साधा निशाना
सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी द्वारा की गई कथित अभद्र टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि किसी भी धर्म, जाति या समाज पर टिप्पणी करने का किसी को अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा, “जिसने भी इस प्रकार की टिप्पणी की है, उसे उसका परिणाम भुगतना पड़ेगा। FIR दर्ज हो चुकी है और कानून अपना काम करेगा।” इसके साथ ही उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा का मूल चरित्र सभी जानते हैं। “जब से समाजवादी पार्टी की स्थापना हुई है, तब से उसका चाल, चरित्र और चेहरा कैसा रहा है, यह जनता भली-भांति जानती है।”