Firozabad News: पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, दो इनामी बदमाश ढेर, दो पुलिसकर्मी घायल

Firozabad News: फिरोजाबाद के शिकोहाबाद क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के दौरान इटावा लूटकांड के दो इनामी बदमाश मारे गए। जवाबी कार्रवाई में दो पुलिसकर्मी घायल हुए।

Update:2026-07-17 16:05 IST

पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, दो इनामी बदमाश ढेर, दो पुलिसकर्मी घायल (Photo- Newstrack)

Firozabad News: फिरोजाबाद जनपद के शिकोहाबाद क्षेत्र के नगला कन्हई में आज दोपहर पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो बदमाश ढेर हो गए। इस दौरान बदमाशों की फायरिंग में दो पुलिसकर्मियों को गोली लगी, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों में से एक पुलिसकर्मी की गंभीर हालत को देखते हुए उसे आगरा रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

इटावा में हुई लूट की वारदात के बाद फिरोजाबाद तक पहुंची पुलिस

जानकारी के अनुसार, तीन जुलाई को इटावा जनपद में हुई लूट की घटना में यही बदमाश शामिल थे। घटना के बाद से पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई थी। आज इटावा पुलिस और इटावा एसओजी टीम को सर्विलांस के माध्यम से सूचना मिली कि लूट में शामिल बदमाश फिरोजाबाद जनपद में मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम बताए गए स्थान पर पहुंची।



पुलिस को देखते ही बदमाशों ने शुरू कर दी फायरिंग

जैसे ही पुलिस टीम बदमाशों की लोकेशन पर पहुंची, बदमाशों ने पुलिस को देखकर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान हुई गोलीबारी में इटावा एसओजी के दो पुलिसकर्मियों को गोली लग गई और वे घायल हो गए। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाश गोली लगने से ढेर हो गए।

कई जिलों की पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे

मुठभेड़ की सूचना मिलते ही फिरोजाबाद जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस, इटावा पुलिस, कानपुर रेंज के कई वरिष्ठ अधिकारी और आगरा जोन के एडीजी एसके भगत मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और पुलिस टीमों ने आसपास के खेतों में कांबिंग अभियान चलाया, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई अन्य बदमाश वहां छिपा न हो या घायल अवस्था में मौजूद न हो।

एडीजी एसके भगत ने बताई बदमाशों की पूरी करतूत

आगरा जोन के एडीजी एसके भगत ने बताया कि मुठभेड़ में मारे गए दोनों बदमाश इटावा में हुई लूट की घटना में शामिल थे। दोनों इटावा के इनामी बदमाश थे और इनके खिलाफ दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश इटावा रेलवे स्टेशन पहुंचे थे, जहां उन्होंने एक दंपति से उनका बच्चा छीन लिया और उनकी मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए थे।


Tags:    

Similar News