Gonda गोंडा में दर्दनाक हादसा: पेट्रोल खत्म होने पर बाइक धक्का दे रहे युवक को वाहन ने रौंदा, मौत

Gonda News : गोंडा-अयोध्या मार्ग पर पेट्रोल खत्म होने के बाद बाइक धक्का दे रहे युवक की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत।

Update:2026-05-07 19:56 IST

Gonda News: गोंडा-अयोध्या मार्ग पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां पलभर में छीन लीं। नवाबगंज थाना क्षेत्र के लौव्वावीरपुर गांव निवासी 27 वर्षीय वीरेंद्र यादव की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।

अयोध्या से घर लौट रहे थे वीरेंद्र यादव

बताया जा रहा है कि वीरेंद्र यादव अयोध्या में एक गोल्फ कार्ड पार्किंग कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। वह अपने छोटे भाई इंद्रदेव के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में अचानक उनकी बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया। घर पहुंचने से कुछ ही दूरी पहले दोनों भाई बाइक को धक्का देकर पेट्रोल पंप तक ले जा रहे थे।इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आए एक अज्ञात वाहन ने वीरेंद्र यादव को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

अस्पताल पहुंचने से पहले टूट गई जिंदगी की डोर

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद के लिए दौड़ लगाई और घायल वीरेंद्र यादव को अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। जैसे ही हादसे की सूचना परिवार तक पहुंची, घर में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातम छा गया।

परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहे थे वीरेंद्र

बताया जाता है कि वीरेंद्र यादव पांच भाइयों में सबसे बड़े थे और पूरे परिवार की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। उनकी अचानक मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। पत्नी कौशल्या का रो-रोकर बुरा हाल है।

वीरेंद्र अपने पीछे दो मासूम बेटों को छोड़ गए हैं। 8 वर्षीय आयुष और 4 वर्षीय पीयूष के सिर से पिता का साया उठ गया। जिस घर में कल तक बच्चों की किलकारियां और खुशियों की आवाजें गूंजती थीं, वहां अब सिर्फ सिसकियां और मातम का माहौल है।

पुलिस ने शुरू की अज्ञात वाहन की तलाश

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

तेज रफ्तार वाहनों पर फिर उठे सवाल

यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर सड़कों पर तेज रफ्तार और लापरवाह वाहनों के खतरे को उजागर करता है। एक छोटी सी लापरवाही ने एक परिवार की दुनिया उजाड़ दी। यह हादसा अपने पीछे कई सवाल छोड़ गया है कि आखिर कब तक सड़क हादसे यूं ही परिवारों की खुशियां छीनते रहेंगे।

Tags:    

Similar News