Gonad News : गोंडा में ऑपरेशन सिंदूर की वर्षगांठ पर एनसीसी का भव्य देशभक्ति आयोजन

Gonda News : गोंडा के कन्हैया लाल इंटर कॉलेज में ऑपरेशन सिंदूर की प्रथम वर्षगांठ पर एनसीसी द्वारा देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित।

Update:2026-05-07 19:40 IST

Gonda News: गोंडा के कन्हैया लाल इंटर कॉलेज की एनसीसी कंपनी द्वारा भारतीय सेना के सफल “ऑपरेशन सिंदूर” की प्रथम वर्षगांठ के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पूरे कार्यक्रम में देशभक्ति और राष्ट्र सम्मान का माहौल देखने को मिला। आयोजन की शुरुआत विद्यालय के प्रधानाचार्य मेजर राजाराम ने ध्वजारोहण कर की। इसके बाद गार्ड ऑफ ऑनर की टीम ने सलामी प्रस्तुत की, जिसने उपस्थित लोगों में राष्ट्रभक्ति का भाव और भी प्रबल कर दिया।

प्रतियोगिताओं के जरिए दिखा देशभक्ति का जज्बा

इस अवसर पर एनसीसी कैडेट्स और विद्यार्थियों ने अलग-अलग प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। व्याख्यान, पेंटिंग और स्लोगन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने भारतीय सेना के शौर्य, साहस और राष्ट्ररक्षा के संदेश को प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों का उत्साह और सेना के प्रति सम्मान साफ दिखाई दिया।

“सिंदूर केवल श्रृंगार नहीं, सम्मान का प्रतीक”

प्रधानाचार्य मेजर राजाराम ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय नारी का सिंदूर केवल श्रृंगार का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह उसके सम्मान, स्वाभिमान और आत्मगौरव का प्रतीक भी है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना ने “ऑपरेशन सिंदूर” के माध्यम से यह साबित किया है कि देश अपनी मातृशक्ति और सम्मान की रक्षा के लिए हमेशा तैयार रहता है।

उन्होंने कर्नल सोफिया और विंग कमांडर व्योमिका सिंह के साहस, नेतृत्व और पराक्रम की भी जमकर सराहना की। मेजर राजाराम ने कहा कि इन वीरांगनाओं ने अपने उत्कृष्ट कार्यों से यह सिद्ध किया है कि महिलाएं राष्ट्र निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाने के साथ-साथ अपने सम्मान और अस्तित्व की रक्षा करने में भी पूरी तरह सक्षम हैं।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र हुए सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करने वाले सकीना, अभयराज गोस्वामी और अंशु गोस्वामी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर विद्यालय परिवार ने खुशी जताई और उनका उत्साहवर्धन किया।

पहलगाम के शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने पहलगाम के शहीदों को दो मिनट का मौन रखकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान पूरे परिसर में भावुक माहौल देखने को मिला।

शिक्षकों का रहा महत्वपूर्ण योगदान

इस आयोजन को सफल बनाने में स्काउट प्रभारी अमित श्रीवास्तव, डॉ. राजधारी सिंह, नरेंद्र बहादुर सिंह, त्रियुगीनारायण द्विवेदी, रिंकू मणि गौतम और शिव कुमार पाठक सहित विद्यालय के समस्त शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र और एनसीसी कैडेट्स मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News