Gonda News: परीक्षा देने आए 14 छात्रों के मोबाइल बाइक की डिग्गी तोड़कर दिनदहाड़े चोरी

Gonda News: गोंडा के मसकनवा स्थित कॉलेज में परीक्षा देने आए 14 छात्रों के मोबाइल बाइक की डिग्गी तोड़कर चोरी हो गए। घटना से छात्रों में आक्रोश फैल गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

Update:2026-05-23 21:48 IST

Gonda News

Gonda News: माँ गायत्री रामसुख पाण्डेय पीजी कॉलेज, मसकनवा-गोंडा में परीक्षा देने आए 14 परीक्षार्थियों के मोबाइल फोन कॉलेज परिसर की पार्किंग में खड़ी बाइकों की डिग्गी तोड़कर चोरी होने का मामला सामने आया है। परीक्षार्थियों ने एसडीएम मनकापुर को रोककर रोष जताया और थाने में लिखित तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, माँ गायत्री रामसुख पाण्डेय पीजी कॉलेज, मसकनवा में चल रही सेमेस्टर परीक्षा में सुबह 11:30 बजे से 01:30 बजे तक बीए चतुर्थ सेमेस्टर हिन्दी की परीक्षा देकर निकले परीक्षार्थी जब अपने-अपने बाइक के पास पहुंचे तो उन्होंने देखा कि बाइकों की डिग्गियों के लॉक टूटे हुए थे और उनमें रखे मोबाइल गायब थे।इस तरह एक-एक कर छात्रों ने पाया कि 14 बाइकों की डिग्गियाँ टूटी हुई थीं और उनमें रखे मोबाइल गायब थे। एक साथ 14 मोबाइल फोन चोरी होने पर छात्रों में आक्रोश व्याप्त हो गया। तत्काल महाविद्यालय के प्राचार्य घनश्याम शुक्ला को छात्रों ने इसकी जानकारी दी।

प्राचार्य ने तुरंत थाना छपिया के प्रभारी निरीक्षक प्रबोध कुमार को सूचना दी, जिसके बाद वे महाविद्यालय पहुंचकर जांच-पड़ताल करने लगे।इसी बीच उपजिलाधिकारी मनकापुर अवनीश त्रिपाठी भी मौके पर पहुंचे।छात्रों ने एसडीएम का घेराव कर चोरी हुए मोबाइल के संबंध में उन्हें अवगत कराया। मोबाइल चोरी के संबंध में बीए चतुर्थ सेमेस्टर के छात्र अभिनव गर्ग ने सामूहिक रूप से छपिया पुलिस को लिखित तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया।

थाना प्रभारी उप निरीक्षक प्रबोध कुमार ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू करते हुए महाविद्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। प्राचार्य घनश्याम शुक्ला ने बताया कि छात्र अभिनव गर्ग द्वारा सामूहिक तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया गया है। महाविद्यालय प्रशासन परिसर की सुरक्षा को लेकर सतर्क है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया जाएगा।

Tags:    

Similar News