Gonda News:संपूर्ण समाधान दिवस: आयुक्त और डीआईजी ने सुनीं जनसमस्याएं, त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

Gonda News: गोण्डा के तरबगंज में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल और डीआईजी अशोक कुमार शुक्ला ने 40 से अधिक फरियादियों की शिकायतें सुनीं।

Update:2026-07-06 20:18 IST

Gonda News

Gonda News: आयुक्त, देवीपाटन मंडल दुर्गा शक्ति नागपाल ने पुलिस महानिरीक्षक अशोक कुमार शुक्ला के साथ संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जनपद गोण्डा की तरबगंज तहसील में आयोजित जनसुनवाई के दौरान नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त होने वाली प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।

संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान आयुक्त ने 40 से अधिक फरियादियों की शिकायतें सुनीं। इनमें मुख्य रूप से राजस्व विवाद, चकमार्ग खुलवाने, आयुष्मान कार्ड बनवाने तथा अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें शामिल थीं। आयुक्त ने सभी प्रकरणों के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत का समाधान शासन की मंशा के अनुरूप प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।आयुक्त ने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का मौके पर सत्यापन कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनका प्रभावी निस्तारण कराया जाए तथा शिकायतकर्ताओं को की गई कार्रवाई से भी अवगत कराया जाए।

जनसुनवाई के दौरान आयुक्त ने विशेष रूप से राजस्व विभाग के अधिकारियों को चकमार्गों की पैमाइश और पटाई के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बनाए रखने के लिए चकमार्गों को अतिक्रमणमुक्त कर उनकी पटाई प्राथमिकता के आधार पर कराई जाए, ताकि किसानों और ग्रामीणों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचे। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता की शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त सभी शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

Tags:    

Similar News