Gonda News: किशोरी हत्या का 36 घंटे में खुलासा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
Gonda News: गोंडा पुलिस ने किशोरी हत्या मामले का 36 घंटे में खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और बाइक भी बरामद की।
किशोरी हत्या का 36 घंटे में खुलासा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार (Photo- Newstrack)
Gonda News: गोंडा पुलिस ने नगर कोतवाली क्षेत्र के माधवपुर चकत्ता गांव में हुई 17 वर्षीय सुधा गौतम की हत्या का 36 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया। मुख्य आरोपी संजय गौतम को शुक्रवार रात पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी है।
क्या था मामला?
गुरुवार सुबह करीब 8 बजे सुधा घर के पास मछली तालाब के बाग में गई थी। गांव के ही रहने वाले संजय गौतम ने उसे अकेला पाकर छेड़छाड़ का प्रयास किया। विरोध करने पर गुस्साए आरोपी ने सुधा का गला दबाकर हत्या कर दी और फरार हो गया।
मुठभेड़ और गिरफ्तारी
एसपी विनीत जायसवाल के निर्देश पर 4 टीमें और एसओजी गठित की गई थीं। दुल्लापुर खालसा के पास बिना नंबर प्लेट की एचएफ डीलक्स बाइक से भाग रहे संजय को घेरा गया। खुद को घिरा देख उसने पुलिस पर अवैध तमंचे से फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी और उसे दबोच लिया गया।
बरामदगी
आरोपी के पास से 1 अवैध तमंचा, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद हुई। घायल संजय को गोंडा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
एसपी का बयान
एसपी विनीत जायसवाल ने कहा - बेटियों से हैवानियत करने वाले को बख्शा नहीं जाएगा। कोतवाली नगर और एसओजी/सर्विलांस की टीम ने त्वरित कार्रवाई कर घटना का पर्दाफाश किया।"
पुलिस ने आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और पूछताछ में हत्या के पीछे के अन्य कारणों व संलिप्त लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।