Hapur News: धारदार हथियारों से हमले में घायल भीम सिंह ने तोड़ा दम, गांव में बढ़ी सुरक्षा व्यवस्था
Hapur News: अकबरपुर बुकलाना गांव में नौ दिन पहले हुए हमले में घायल भीम सिंह की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने सुरक्षा बढ़ाकर मामले में आगे की कार्रवाई तेज कर दी।
धारदार हथियारों से हमले में घायल भीम सिंह ने तोड़ा दम, गांव में बढ़ी सुरक्षा व्यवस्था (Photo- Newstrack)
Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के सिंभावली थाना क्षेत्र के अकबरपुर बुकलाना गांव में नौ दिन पहले हुई खूनी वारदात ने आखिरकार एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। घर में घुसकर तमंचों से फायरिंग, लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से किए गए जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल भीम सिंह की मेरठ मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
शराब के नशे में शुरू हुआ विवाद, अगले दिन बन गया खूनी हमला
मृतक के परिजन परविंदर नागर के अनुसार 22 जुलाई को गांव निवासी नेमपाल शराब के नशे में भीम सिंह के घर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। उस समय किसी तरह मामला शांत करा दिया गया, लेकिन आरोप है कि आरोपी ने इसे अपनी बेइज्जती मानते हुए अगले दिन अपने साथियों के साथ खूनी साजिश रच डाली।
परिजनों का आरोप है कि अगले दिन सुबह नेमपाल, ब्रह्मपाल, ओमपाल, प्रिंस, सतेंद्र, पप्पू समेत कई अन्य लोग तमंचों, लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से लैस होकर भीम सिंह के घर में घुस आए। आरोपियों ने आते ही ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी और परिवार के लोगों पर जानलेवा हमला बोल दिया। घर में चीख-पुकार मच गई और महिलाएं व बच्चे अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
परिवार पर टूट पड़ा कहर, कई लोग हुए गंभीर घायल
इस खूनी हमले में भीम सिंह, उनके पुत्र सागर सहित परिवार के कई सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने किसी तरह घायलों को बचाया और अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर भीम सिंह और सागर को मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां डॉक्टर लगातार उनका इलाज कर रहे थे।करीब नौ दिन तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद भीम सिंह ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम छा गया।
मौत के बाद हत्या की धाराएं बढ़ेंगी
पुलिस के अनुसार इस मामले में पहले ही सात नामजद और कई अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, घर में घुसकर हमला करने, फायरिंग और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। अब भीम सिंह की मौत के बाद मामले में हत्या की धारा भी बढ़ाई जाएगी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गांव में तनाव, पुलिस अलर्ट
भीम सिंह की मौत के बाद अकबरपुर बुकलाना गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि गांव की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
पुलिस का बयान
गढ़ सर्किल सीओ राहुल यादव ने बताया कि मामले में पहले से सात नामजद एवं कई अज्ञात आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है। घायल भीम सिंह की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में हत्या की धारा जोड़ते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जांच जारी, आरोपियों की तलाश तेज
पुलिस टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।