Hapur News: अज्ञात वाहन की चपेट में आए टूरिस्ट बस कंडक्टर की मौत, परिवार में मचा कोहराम
Hapur News: हाइवे पार करते समय एक टूरिस्ट बस कंडक्टर अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौत हो गई, जिससे परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Hapur News(Photo-Social Media)
Hapur News: जनपद हापुड़ के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-9 (NH-9) पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में टूरिस्ट बस के कंडक्टर की मौत हो गई। बताया गया है कि बस के लिए सामान लेने के उद्देश्य से हाइवे पार कर रहे कंडक्टर को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल कंडक्टर को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
राजा जी ढाबे के सामने हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार दुर्घटना बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में स्थित राजा जी ढाबे के सामने हुई। मृतक की पहचान वकील शाह (45 वर्ष) पुत्र निवासी ग्राम ढेरपुर कला, थाना दातागंज, जनपद बदायूं के रूप में हुई है। वह एक टूरिस्ट बस में कंडक्टर के रूप में कार्यरत थे और यात्रियों के साथ यात्रा पर निकले हुए थे।बताया जा रहा है कि रात के समय बस राजा जी ढाबे के पास कुछ देर के लिए रुकी थी। इसी दौरान वकील शाह बस के लिए आवश्यक सामान लेने के उद्देश्य से सड़क पार कर रहे थे। तभी तेज गति से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
स्थानीय लोगों ने दिखाई तत्परता
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तत्काल मानवता का परिचय देते हुए घायल को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिखेड़ा पहुंचाया। लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।कंडक्टर की मौत की सूचना मिलते ही बस में मौजूद अन्य कर्मचारियों और यात्रियों में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं परिजनों को सूचना दिए जाने के बाद *परिवार में मातम का माहौल बन गया।
पुलिस ने शुरू की जांच, वाहन चालक की तलाश तेज
घटना की जानकारी मिलने पर बाबूगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हादसे को अंजाम देने वाले वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी चालक को चिन्हित कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी ने क्या कहा?
थाना प्रभारी प्रवीन कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मृत्यु हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।