Hapur News: नोएडा में पानी भरने के विवाद ने ली जान, हापुड़ के युवक वसीम की चाकू मारकर हत्या
Hapur News: नोएडा के सलारपुर में पानी भरने के विवाद ने लिया खूनी रूप, हापुड़ निवासी वसीम की चाकू मारकर हत्या, स्वजन ने सख्त कार्रवाई की मांग की।
नोएडा में पानी भरने के विवाद ने ली जान, हापुड़ के युवक वसीम की चाकू मारकर हत्या (Photo- Social Media)
Hapur News: गौतमबुद्ध नगर के नोएडा स्थित सलारपुर क्षेत्र में पानी भरने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। विवाद के दौरान हापुड़ निवासी एक युवक की कथित रूप से चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। स्वजन ने आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए प्रशासन से चर्चित सूर्या हत्याकांड की तर्ज पर सख्त कदम उठाने की मांग की है।प्राप्त जानकारी के अनुसार हापुड़ शहर के मोहल्ला नबी करीम निवासी वसीम अपने भांजे के साथ नोएडा के सलारपुर क्षेत्र में रहकर मजदूरी और अन्य कार्य करता था। बताया जा रहा है कि घटना के दिन पानी भरने को लेकर उसकी स्थानीय युवक गौरव से कहासुनी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
विवाद के दौरान हुआ चाकू से हमला
स्वजन का आरोप है कि झगड़े के दौरान गौरव ने वसीम पर चाकू से कई वार किए। हमले में वसीम गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
वसीम की मौत की खबर जैसे ही हापुड़ स्थित उसके परिवार तक पहुंची, घर में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहल्ले में भी घटना को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
परिवार में आक्रोश, न्याय की मांग
मृतक के स्वजन ने आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि एक मामूली विवाद में युवक की जान ले लेना बेहद गंभीर अपराध है और ऐसे मामलों में सख्त संदेश देने की आवश्यकता है। परिवार का आरोप है कि यदि समय रहते विवाद को रोका जाता तो यह घटना टाली जा सकती थी।परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि जिस प्रकार चर्चित सूर्या हत्याकांड में त्वरित और कठोर कार्रवाई की गई थी, उसी प्रकार इस मामले में भी आरोपित के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएं। उनका कहना है कि हत्या के आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाया जाए ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
मोहल्ले में शोक, लोगों ने जताया रोष
वसीम की मौत की खबर के बाद नबी करीम मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि छोटी-छोटी बातों पर बढ़ती हिंसा समाज के लिए चिंता का विषय है। लोगों ने प्रशासन से अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
नोएडा पुलिस कर रही जांच
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि घटना नोएडा क्षेत्र की है और मामले की जांच नोएडा पुलिस द्वारा की जा रही है। संबंधित थाना पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार की हरसंभव सहायता की जाएगी और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।