Hapur में गंगा मेले के चलते 23 से 25 नवंबर तक स्कूल बंद रहेंगे
Hapur News: कार्तिक पूर्णिमा गंगा मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ और जाम की आशंका को देखते हुए डीएम कविता मीना ने कक्षा 1 से 12वीं तक के स्कूलों में अवकाश घोषित किया।
Hapur में गंगा मेले के चलते 23 से 25 नवंबर तक स्कूल बंद रहेंगे (Photo- Newstrack)
Hapur News: गढ़मुक्तेश्वर में कार्तिक पूर्णिमा गंगा मेले को लेकर प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। मेले में उमड़ने वाली लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ और सड़कों पर बढ़ने वाले यातायात के दबाव को देखते हुए हापुड़ जिले में कक्षा एक से 12वीं तक के सभी स्कूल लगातार तीन दिन बंद रहेंगे। प्रशासन ने 23 से 25 नवंबर तक विद्यालयों में अवकाश घोषित किया है। इस दौरान जिले के सरकारी, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों में भी पढ़ाई नहीं होगी।जिलाधिकारी कविता मीना के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दीपा भाटी ने रविवार को 23 नवंबर के अतिरिक्त अवकाश का आदेश जारी कर दिया। प्रशासन का मानना है कि गंगा मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही के कारण प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ेगा। ऐसे में स्कूली बच्चों को आवागमन में परेशानी होने के साथ ही जाम की स्थिति भी बन सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
तीन दिन, तीन अलग-अलग कारणों से बंद रहेंगे स्कूल
जिले में 23 से 25 नवंबर तक लगातार तीन दिन विद्यालयों में अवकाश रहेगा। इसके पीछे अलग-अलग कारण हैं।23 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा गंगा मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ और यातायात व्यवस्था को देखते हुए प्रशासन ने स्थानीय स्तर पर अवकाश घोषित किया है। वहीं, 24 नवंबर को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर राजकीय अवकाश रहेगा। इसके बाद 25 नवंबर को जिलाधिकारी कविता मीना के निर्देश पर स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है।इस तरह गंगा मेले के चलते विद्यार्थियों को लगातार तीन दिन स्कूल नहीं जाना पड़ेगा।
यूपी बोर्ड से लेकर निजी स्कूलों तक पर लागू होगा आदेश
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की ओर से जारी आदेश उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों, माध्यमिक शिक्षा विभाग के स्कूलों, अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों और सभी बोर्ड से मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों पर लागू होगा। यानी जिले में संचालित संबंधित सभी विद्यालयों को इस आदेश का पालन करना होगा।
छुट्टी के दिन स्कूल खोला तो होगी कार्रवाई
जिलाधिकारी कविता मीना ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि घोषित अवकाश के दौरान सभी संबंधित विद्यालय बंद रहेंगे। यदि किसी विद्यालय में आदेश के बावजूद कक्षाओं का संचालन किया गया या स्कूल खुला पाया गया तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।शिक्षा विभाग की ओर से आदेश की प्रतियां संबंधित अधिकारियों, खंड शिक्षा अधिकारियों और विद्यालयों को भेज दी गई हैं। प्रशासन के इस फैसले से विद्यार्थियों और अभिभावकों को गंगा मेले के दौरान लगने वाले जाम और यातायात संबंधी परेशानियों से राहत मिलने की उम्मीद है।