बरेली से बाराबंकी तक अपराधों का कनेक्शन, हापुड़ में एसटीएफ ने दबोचा 50 हजार का इनामी

Hapur News: हत्या, लूट और चोरी समेत छह मुकदमों में वांछित 50 हजार का इनामी कल्लू उर्फ मुर्गबाज हापुड़ में गिरफ्तार, STF और पुलिस ने पेट्रोल पंप पर घेराबंदी कर पकड़ा।

By :  Avnish Pal
Update:2026-11-21 21:51 IST

हापुड़ में 50 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार

Hapur News: हत्या, लूट और चोरी जैसी संगीन वारदातों में शामिल होकर पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहा 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश आखिरकार कानून के शिकंजे में फंस गया। छह आपराधिक मुकदमों में नामजद कुख्यात कल्लू उर्फ मुर्गबाज को नोएडा एसटीएफ और हापुड़ की थाना देहात पुलिस की संयुक्त टीम ने ततारपुर गोल चक्कर के निकट एक पेट्रोल पंप से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था और बाराबंकी में ट्रांसफार्मर से तेल निकालने तथा बिजली के तार चोरी करने की वारदात में वांछित चल रहा था। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा और एक कारतूस भी बरामद किया है।

गार्डों को बंधक बनाकर मिल में घुसे थे बदमाश

थाना देहात प्रभारी पारस मलिक के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी कल्लू उर्फ मुर्गबाज पुत्र फूलन बरेली जिले के थाना भोगीपुरा क्षेत्र के कुआं टांडा की गौटिया का निवासी है। आरोपी के खिलाफ बाराबंकी जिले के थाना मोहम्मदपुर खाला में ट्रांसफार्मर से तेल और बिजली के तार चोरी करने का मुकदमा दर्ज है।पुलिस के अनुसार, 17 जनवरी 2025 की रात करीब ढाई बजे बाराबंकी के बिहुरा स्थित रवि राइस मिल एवं बियर हाउस में सुरक्षा गार्ड दिनेश कनौजिया और राम मिलन ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान चार बदमाश वहां पहुंच गए। बदमाशों ने दोनों सुरक्षा गार्डों को अपने कब्जे में लेकर धमकाया और मिल का ताला काटकर अंदर दाखिल हो गए।वारदात के दौरान एक बदमाश दोनों गार्डों पर नजर रखे हुए था, जबकि उसके साथी ट्रांसफार्मर से तेल निकालने और बिजली के तार काटने में जुटे थे। चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश सुरक्षा गार्ड का मोबाइल फोन भी लूटकर फरार हो गए थे। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था।

मुकदमा दर्ज होने के बाद से पुलिस को थी तलाश

घटना के संबंध में पीड़ित सुरक्षा गार्ड की तहरीर पर थाना मोहम्मदपुर खाला में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान कल्लू उर्फ मुर्गबाज का नाम सामने आया। इसके बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। गिरफ्तारी नहीं होने पर उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।आखिरकार शनिवार शाम थाना देहात प्रभारी पारस मलिक और नोएडा एसटीएफ के प्रभारी उपनिरीक्षक दीपक ने अपनी-अपनी टीमों के साथ संयुक्त कार्रवाई की। पुलिस टीम ने सटीक सूचना के आधार पर ततारपुर गोल चक्कर के निकट स्थित एक पेट्रोल पंप पर घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

हत्या, लूट और चोरी समेत छह मुकदमों का आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस के मुताबिक, कल्लू उर्फ मुर्गबाज का आपराधिक इतिहास भी काफी लंबा है। उसके खिलाफ हत्या, लूट और चोरी समेत करीब छह आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। 50 हजार रुपये का इनाम घोषित होने के बाद से ही पुलिस उसकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही थी। फिलहाल आरोपी के कब्जे से तमंचा और कारतूस बरामद होने के बाद उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है। पुलिस आरोपी के आपराधिक नेटवर्क और अन्य वारदातों में उसकी संलिप्तता के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

Tags:    

Similar News