Hapur News: गंगा स्नान जा रहे श्रद्धालु को ततारपुर फ्लाईओवर पर घेरकर पीटा गया था
Hapur News: हापुड़ के ततारपुर फ्लाईओवर पर गाड़ी रुकवाकर श्रद्धालु को लाठी-डंडों से पीटने का आरोप। थाना देहात पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की भी।
गंगा स्नान जा रहे श्रद्धालु को ततारपुर फ्लाईओवर पर घेरकर पीटा गया था (Photo- Newstrack)
Hapur News: गंगा स्नान के लिए गढ़मुक्तेश्वर जा रहे हरियाणा के एक श्रद्धालु को हापुड़ में हमलावरों ने निशाना बना लिया। आरोप है कि ततारपुर फ्लाईओवर पर पहले से घात लगाकर बैठे परिचितों ने उनकी गाड़ी रुकवा ली और फिर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से पीड़ित को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हमलावरों ने मारपीट के साथ गाली-गलौज की और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। गंगा स्नान के लिए निकले श्रद्धालु के साथ हुई इस घटना ने रास्ते में सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पीड़ित की शिकायत पर थाना देहात पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फ्लाईओवर पर पहले से घात लगाकर बैठे थे हमलावर
हरियाणा के गुरुग्राम स्थित बादशाहपुर निवासी रिटिन सिंह तोमर के मुताबिक, वह 19 नवंबर को गंगा स्नान के लिए गढ़मुक्तेश्वर जा रहे थे। सुबह करीब 11:30 बजे जब वह हापुड़-ततारपुर फ्लाईओवर पर पहुंचे तो वहां पहले से मौजूद कुछ परिचितों ने उनकी गाड़ी रुकवा ली। आरोप है कि गाड़ी रुकते ही हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और बिना किसी बात का मौका दिए मारपीट शुरू कर दी।
लाठी-डंडों से किया हमला, गाड़ी में रखे थे हथियार
पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि हरिद्वार निवासी रवि शर्मा, हरियाणा के भिवानी निवासी प्रवीण कुमार और उनके साथ मौजूद एक अज्ञात व्यक्ति ने उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि हमलावरों की गाड़ी में पहले से ही लाठी-डंडे और अन्य हथियार रखे हुए थे। तीनों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए हमला किया। विरोध करने पर आरोपितों ने जान से मारने की धमकी भी दी।
दहशत में आया पीड़ित, थाने पहुंचकर लगाई न्याय की गुहार
रिटिन सिंह तोमर का कहना है कि अचानक हुए हमले से वह बुरी तरह भयभीत हो गए। हमलावर धमकी देकर मौके से चले गए। घटना के बाद पीड़ित ने थाना देहात पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी और आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
तीन आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज6
थाना देहात प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।