Hapur News: गौरव हत्याकांड पर महापंचायत, सोमवार तक कार्रवाई का अल्टीमेटम
Hapur News: गौरव त्यागी हत्याकांड को लेकर महापंचायत में परिवार की सुरक्षा, आर्थिक मदद और आरोपियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग उठी।
गौरव हत्याकांड पर महापंचायत, सोमवार तक कार्रवाई का अल्टीमेटम (Photo- Newstrack)
Hapur News: बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम मोहम्मदपुर आजमपुर में गौरव त्यागी हत्याकांड को लेकर शनिवार को आयोजित महापंचायत में लोगों का आक्रोश खुलकर सामने आया। पंचायत में हत्याकांड के आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, उनके घरों पर बुलडोजर चलाने और पुलिस मुठभेड़ में कार्रवाई किए जाने जैसी मांगें उठाई गईं। पंचायत के बाद जिलाधिकारी को संबोधित सात सूत्रीय ज्ञापन अपर जिलाधिकारी संदीप कुमार को सौंपा गया। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि सोमवार तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन शुरू किया जाएगा।
महापंचायत में बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ किसान संगठनों से जुड़े पदाधिकारी और स्थानीय लोग शामिल हुए। पंचायत को भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं किसान नेता मांगे राम त्यागी ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि गौरव त्यागी ने जिला प्रशासन से शस्त्र लाइसेंस की मांग की थी, लेकिन उसकी फाइल निरस्त कर दी गई थी।
उनका कहना था कि यदि गौरव के पास लाइसेंस होता तो संभव है कि वह अपनी सुरक्षा कर पाता।उन्होंने कहा कि हत्याकांड को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मामले को उसके अंजाम तक पहुंचाने के लिए प्रशासन पर दबाव बनाया जाएगा और जरूरत पड़ी तो मुख्यमंत्री के समक्ष भी मामला उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि लड़ाई शांतिपूर्ण तरीके से लड़ी जाएगी और सोमवार को प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से मुलाकात करेगा।
गांव का नाम गौरव नगर रखने की मांग
भाकियू (टिकैत) युवा विंग के जिलाध्यक्ष ज्ञानेश्वर त्यागी ने मोहम्मदपुर आजमपुर का नाम बदलकर ‘गौरव नगर’ किए जाने की मांग रखी। उन्होंने भी आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि परिवार को न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रखा जाएगा।
महापंचायत में वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। ऐसे में गौरव त्यागी हत्याकांड के आरोपियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। हालांकि आरोपियों के खिलाफ मुठभेड़ की मांग पंचायत में जोरदार तरीके से उठाई गई, प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कार्रवाई कानून के दायरे में ही की जाएगी।
परिवार की सुरक्षा से लेकर एक करोड़ रुपये की मदद की मांग
महापंचायत में सौंपे गए सात सूत्रीय ज्ञापन में गौरव त्यागी के परिवार की सुरक्षा समेत कई मांगें रखी गईं। इसमें मुकदमा विचाराधीन रहने तक परिवार को पुलिस सुरक्षा देने, सरकार की ओर से परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने और गौरव की पत्नी को शस्त्र लाइसेंस देने की मांग शामिल है।
इसके अलावा गौरव के दोनों बच्चों की किसी अच्छे कॉन्वेंट स्कूल में निशुल्क शिक्षा की व्यवस्था कराने तथा 12वीं के बाद उनकी स्नातक तक की पढ़ाई का खर्च भी सरकार की ओर से उठाने की मांग की गई। ज्ञापन में हत्यारोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई के साथ उनके मकानों पर नियमानुसार बुलडोजर कार्रवाई की मांग भी शामिल रही।
अधिकारियों ने दिया कार्रवाई का भरोसा
महापंचायत के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर ने कहा कि पुलिस कानून के दायरे में रहते हुए आरोपियों के खिलाफ जो भी सख्त से सख्त कार्रवाई संभव होगी, वह करेगी। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि मामले में पुलिस गंभीरता से कार्रवाई कर रही है।अपर जिलाधिकारी संदीप कुमार ने कहा कि गौरव त्यागी हत्याकांड को प्रशासन गंभीरता से ले रहा है। शासन और प्रशासन स्तर पर नियमानुसार जो भी कार्रवाई संभव होगी, उसे किया जाएगा।
महापंचायत के दौरान अपर जिलाधिकारी संदीप कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर, सीओ सिटी अनीता चौहान, थाना प्रभारी प्रवीन कुमार समेत पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।इस दौरान निखिल त्यागी, अमित त्यागी, बबली त्यागी, योगेंद्र त्यागी, एसके त्यागी, चेतन कुमार, ज्ञानेंद्र त्यागी, आलोक त्यागी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और किसान संगठन से जुड़े लोग मौजूद रहे।