Hapur News: गौरव हत्याकांड में दो और आरोपी गिरफ्तार, तीन टीमें तलाश में

Hapur News हापुड़ में कचहरी में आत्मसमर्पण की तैयारी की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर अमित और कुलदीप को तहसील चौपले से पकड़ा।

By :  Avnish Pal
Update:2026-08-21 23:09 IST

गौरव हत्याकांड में दो और आरोपी गिरफ्तार, तीन टीमें तलाश में (Photo- Newstrack)

Hapur News: बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के चर्चित गौरव त्यागी हत्याकांड में पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को इनपुट मिला था कि हत्याकांड के आरोपी हापुड़ कचहरी पहुंचकर आत्मसमर्पण करने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने कचहरी और आसपास के इलाके में सादे कपड़ों में घेराबंदी कर दी। मृतक के परिजन भी आरोपियों की पहचान के लिए आसपास मौजूद रहे। इसी दौरान पुलिस ने तहसील चौपले के पास से दो आरोपियों को दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित और कुलदीप के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी कचहरी में आत्मसमर्पण करने की तैयारी में थे। इससे पहले मामले में राजवीर और जयपाल की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस अब हत्याकांड में नामजद बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

कचहरी में सरेंडर की भनक और पुलिस ने बिछाया जाल

शुक्रवार को पुलिस को सूचना मिली कि गौरव हत्याकांड के आरोपी हापुड़ कचहरी में आत्मसमर्पण कर सकते हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने कचहरी परिसर और आसपास के रास्तों पर निगरानी बढ़ा दी। कई पुलिसकर्मियों को सादे कपड़ों में तैनात किया गया, ताकि आरोपियों को पुलिस की मौजूदगी का अंदाजा न हो सके।

पुलिस के साथ मृतक पक्ष के लोग भी आसपास मौजूद रहे। पुलिस संभावित आरोपियों पर नजर रखे हुए थी। इसी दौरान तहसील चौपले के पास संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अमित और कुलदीप को गिरफ्तार कर लिया।

कोर्ट में गवाही देने जा रहा था गौरव, रास्ते में कर दी गई हत्या

मामला बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर आजमपुर का है। गांव निवासी गौरव त्यागी पुत्र फतेह सिंह एक जानलेवा हमले के मामले में गवाही देने के लिए बाइक से हापुड़ कोर्ट आ रहा था। आरोप है कि रास्ते में गांव के ही कुछ लोगों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों व हथौड़ों से बेरहमी से हमला कर दिया।हमले के दौरान गौरव गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आरोपियों द्वारा गौरव पर हमला किए जाने का वीडियो भी एक राहगीर ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया था। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया था।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोली हमले की भयावहता

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गौरव के शरीर पर गंभीर चोटों की पुष्टि हुई थी। रिपोर्ट के अनुसार कूल्हे और रीढ़ की हड्डी पर कई बार वार किए गए थे। बताया गया कि कूल्हे और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आने के साथ शरीर के अंदर रक्तस्राव हुआ, जिसके चलते गौरव की मौत हो गई।इस घटना के बाद पुलिस ने मामले में गांव के ही सात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश शुरू कर दी थी।

अब तक चार आरोपी गिरफ्तार

हत्याकांड में पुलिस की कार्रवाई लगातार आगे बढ़ रही है। पहले पुलिस ने राजवीर और जयपाल को गिरफ्तार किया था। शुक्रवार को अमित और कुलदीप की गिरफ्तारी के बाद अब मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या चार हो गई है।पुलिस की कार्रवाई के बाद मृतक के परिजनों को भी उम्मीद जगी है कि फरार चल रहे अन्य आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

तीन पुलिस टीमें लगातार दे रहीं दबिश

सीओ अनीता चौहान ने बताया कि गौरव हत्याकांड को पुलिस ने गंभीरता से लिया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें लगातार संभावित स्थानों पर दबिश दे रही हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस की कार्रवाई जारी है और जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।

आरोपियों पर इनाम बढ़ाने की मांग

इधर, गौरव हत्याकांड को लेकर राष्ट्रीय सैनिक संस्था ने भी पुलिस से फरार आरोपियों पर घोषित इनाम बढ़ाकर 50 हजार रुपये किए जाने की मांग की है। संस्था का कहना है कि मामले में सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी होनी चाहिए, जिससे पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।

पुलिस की कार्रवाई पर टिकी नजर

गौरव हत्याकांड में एक के बाद एक आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस की नजर उन आरोपियों पर है, जो अभी फरार चल रहे हैं। कचहरी में आत्मसमर्पण की भनक के बाद पुलिस द्वारा की गई घेराबंदी और दो आरोपियों की गिरफ्तारी को मामले में अहम कार्रवाई माना जा रहा है। अब देखना होगा कि पुलिस की तीन टीमें फरार आरोपियों तक कितनी जल्दी पहुंचती हैं।

Tags:    

Similar News