Hapur News : हापुड़: कोर्ट के नाम पर 1.84 करोड़ की ठगी, फर्जीवाड़े का बड़ा खुलासा
Hapur News : हापुड़ में 1.84 करोड़ की ठगी का मामला, कोर्ट व लोक अदालत के नाम पर फर्जी दस्तावेज दिखाकर वसूली, न्यायालय आदेश पर मुकदमा दर्ज
hapur fraud case
Hapur News: जनपद हापुड़ के थाना देहात क्षेत्र से ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति से कथित तौर पर 1.84 करोड़ रुपये की बड़ी ठगी कर ली गई। आरोप है कि आरोपी ने खुद को न्यायालय में प्रभावशाली बताते हुए पीड़ित को झूठे मुकदमों का डर दिखाया और कोर्ट, लोक अदालत व अन्य न्यायिक प्रक्रियाओं के नाम पर लगातार पैसे ऐंठता रहा।पुलिस द्वारा शुरुआती स्तर पर कार्रवाई न होने से निराश पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली, जिसके बाद कोर्ट के आदेश पर अब मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
ऐसे रचा गया ठगी का पूरा जाल
गांव दोयमी निवासी मूलचंद कोरी ने पुलिस में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि गांव के ही आदेश शर्मा ने उसे और उसके भाइयों को यह कहकर डराया कि उनकी खरीदी गई जमीन पर कोर्ट में मुकदमा चल रहा है और उनका मकान कभी भी गिराया जा सकता है।आरोप है कि आरोपी ने खुद को न्यायालय में ऊंची पहुंच वाला बताते हुए मामला “सेटल” कराने का झांसा दिया। सबसे पहले उसने कोर्ट फीस के नाम पर करीब 5.35 लाख रुपये लिए। इसके बाद वह लगातार अलग-अलग बहाने बनाकर रकम मांगता रहा।
सुप्रीम कोर्ट, हाईकोर्ट और लोक अदालत के नाम पर वसूली
पीड़ित के अनुसार आरोपी ने कभी सुप्रीम कोर्ट में केस डालने, कभी जमीन दिलाने और कभी मुकदमा खत्म कराने के नाम पर लाखों रुपये ऐंठे। इतना ही नहीं, आरोपी ने लोक अदालत के जरिए लोन माफ कराने का झांसा देकर पीड़ित के मकान पर करीब 19.76 लाख रुपये का बैंक लोन भी करवा दिया।
इसके बाद आरोपी ने फर्जी लोक अदालत के आदेश और गैर-जमानती वारंट (NBW) का डर दिखाकर करीब 25 लाख रुपये और ले लिए।
फर्जी दस्तावेजों से किया गया खेल
मामले में सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि आरोपी ने सिविल जज, लोक अदालत, अपर सत्र न्यायालय और हाईकोर्ट के नाम पर कई फर्जी दस्तावेज तैयार कर पीड़ित को दिखाए। जब पीड़ित ने इन कागजों की जांच कराई तो वे पूरी तरह जाली निकले।बताया जा रहा है कि वर्ष 2022 से लेकर अब तक आरोपी ने इस पूरे षड्यंत्र के तहत पीड़ित से कुल 1.84 करोड़ रुपये की ठगी कर ली।
कर्ज में डूबा पूरा परिवार
पीड़ित ने यह रकम अपने रिश्तेदारों और परिचितों से ब्याज पर उधार लेकर आरोपी को दी थी। अब हालात ऐसे हैं कि पूरा परिवार भारी कर्ज में डूब चुका है और आर्थिक संकट का सामना कर रहा है।जब पीड़ित ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित के पास इस पूरे मामले से जुड़े ऑडियो और वीडियो सबूत भी मौजूद हैं।
कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा
पुलिस स्तर पर कार्रवाई न होने के चलते पीड़ित ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। अब न्यायालय के आदेश पर थाना देहात पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।