Hapur News : हापुड़ के राधापुरी में मॉर्निंग वॉक पर युवक पर बंदरों का हमला, इलाके में दहशत

Hapur News : हापुड़ के राधापुरी में मॉर्निंग वॉक पर निकले युवक पर बंदरों का हमला, इलाके में दहशत, लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए

By :  Avnish Pal
Update:2026-05-02 14:00 IST

Hapur Monkey Attack

Hapur Mews:-शहर में बंदरों का बढ़ता आतंक अब गंभीर समस्या बनता जा रहा है। आए दिन हो रहे हमलों से लोगों में डर का माहौल है और प्रशासन की निष्क्रियता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ताजा मामला मोहल्ला राधापुरी की पीपल वाली गली का है, जहां शुक्रवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले एक युवक पर बंदरों के झुंड ने हमला कर दिया।

अचानक हमला, जान बचाकर भागा युवक

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक रोज की तरह सुबह टहलने निकला था। जैसे ही वह गली में स्थित पीपल के पेड़ के पास पहुंचा, तभी अचानक आधा दर्जन से अधिक बंदरों ने उसे घेर लिया और हमला कर दिया। बंदरों के आक्रामक व्यवहार से घबराया युवक अपनी जान बचाने के लिए दौड़ पड़ा। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह बंदरों को भगाया।घायल युवक को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया। हालांकि घटना के बाद युवक और उसके परिवार में दहशत का माहौल बना हुआ है।

मोहल्ले में दहशत, लोगों का घर से निकलना मुश्किल

इस घटना के बाद राधापुरी इलाके में भय का माहौल है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि बंदरों का आतंक अब रोजमर्रा की परेशानी बन चुका है। सुबह-शाम लोग घर से बाहर निकलने में डरते हैं।

महिलाएं और बच्चे सबसे ज्यादा प्रभावित

बंदर घरों में घुसकर सामान बिखेरते हैं।खाने-पीने की चीजें नष्ट कर देते हैं।कई बार बच्चों पर भी हमला कर चुके हैं।शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं।स्थानीय लोगों का आरोप है कि उन्होंने कई बार नगर पालिका प्रशासन से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लोगों ने बंदरों को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ने या स्थायी समाधान की मांग की है।

भाजपा नेता प्रवीन सेठी ने भी प्रशासन की कार्यशैली पर नाराजगी जताई। उन्होंने बताया कि लक्ष्मण गली में उन पर भी बंदरों ने हमला कर उन्हें घायल कर दिया था।शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।

बढ़ता आक्रोश, प्रदर्शन की चेतावनी

लगातार बढ़ रही घटनाओं से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।शहरवासियों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।भाजपा नेता प्रवीन सेठी ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो बड़े स्तर पर प्रदर्शन किया जाएगा। उनका कहना है कि बंदरों के हमले अब आम हो चुके हैं और प्रशासन की लापरवाही से लोगों की जान खतरे में पड़ रही है।

Tags:    

Similar News