Hapur News: ब्रजघाट में बड़ा हादसा टला, गंगा में कूदी महिला को पुलिस और गोताखोरों ने बचाया

Hapur News: हापुड़ के ब्रजघाट में घरेलू विवाद से परेशान महिला गंगा में उतर गई। पुलिस और गोताखोरों ने तत्परता दिखाते हुए महिला को सुरक्षित बचा लिया।

By :  Avnish Pal
Update:2026-06-06 18:27 IST

Hapur News

Hapur News: धार्मिक नगरी ब्रजघाट में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती गंगा में उतर गई। घाट पर मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद ब्रजघाट चौकी पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाकर महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। यदि कुछ मिनट की भी देरी हो जाती तो घटना गंभीर रूप ले सकती थी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया और महिला की जान बच गई।

पुलिस के अनुसार, शनिवार को चौकी ब्रजघाट क्षेत्र में नियमित गश्त और निगरानी अभियान चल रहा था। इसी दौरान सूचना मिली कि एक महिला गंगा घाट पर पहुंची है और नदी में चली गई है। सूचना मिलते ही चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से महिला की तलाश शुरू कराई। कुछ ही देर में गोताखोरों ने महिला को गंगा से सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

मेरठ से ब्रजघाट पहुंची थी महिला

पुलिस पूछताछ में महिला ने अपनी पहचान नूरी फातिमा (25 वर्ष), पत्नी वारिस, निवासी समर गार्डन, जीनियस स्कूल के पास, थाना लिसाड़ी गेट, जनपद मेरठ के रूप में बताई। महिला शारीरिक रूप से सुरक्षित थी, जिसके बाद पुलिस ने उससे बातचीत कर घटना के कारणों की जानकारी जुटाई।प्रारंभिक पूछताछ में महिला ने बताया कि वह पारिवारिक समस्याओं और घरेलू विवादों से परेशान थी। उसका आरोप है कि पति उसके साथ अक्सर झगड़ा करता है और मारपीट भी करता है। लगातार बढ़ते तनाव और मानसिक दबाव के कारण वह बेहद परेशान हो गई थी। इसी मानसिक स्थिति में वह मेरठ से ब्रजघाट पहुंची।

घटना के बाद घाट पर जुटी भीड़

महिला को गंगा से बाहर निकाले जाने के दौरान घाट पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। स्थानीय लोगों ने भी रेस्क्यू अभियान में सहयोग किया। महिला को सुरक्षित देख लोगों ने राहत की सांस ली। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि पुलिस और गोताखोरों की सक्रियता के कारण समय रहते महिला की जान बचाई जा सकी।

सूचना पर पहुंचे पति और भाई

घटना की जानकारी मिलने के बाद महिला का पति वारिस और उसका भाई सादिक भी ब्रजघाट पहुंच गए। पुलिस ने दोनों पक्षों से अलग-अलग बातचीत कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। महिला को समझाया गया और उसके परिजनों को भी पारिवारिक विवाद का शांतिपूर्ण समाधान निकालने की सलाह दी गई।पुलिस अधिकारियों ने महिला की काउंसलिंग कराते हुए उसे भावनात्मक रूप से मजबूत रहने और किसी भी समस्या की स्थिति में कानूनी व सामाजिक सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।

क्या बोले गढ़ कोतवाली प्रभारी

गढ़ कोतवाली प्रभारी देवेंद्र बिष्ट ने बताया कि ब्रजघाट चौकी पुलिस को सूचना मिली थी कि एक महिला गंगा में चली गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पूछताछ में महिला ने घरेलू विवाद और पारिवारिक तनाव की बात बताई है। उसके परिजनों को मौके पर बुलाकर सौंप दिया गया है। महिला पूरी तरह सुरक्षित है तथा मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही परिवार के सदस्यों से भी बातचीत कर पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।

Tags:    

Similar News