Hapur News: पत्नी समेत छह लोगों पर घर में घुसकर मारपीट, लूट और बदनाम करने का आरोप, मुकदमा दर्ज
Hapur News: हापुड़ के पक्का बाग क्षेत्र में पति-पत्नी विवाद के मामले में पत्नी समेत छह लोगों पर मारपीट, लूट और बदनाम करने के आरोप लगे हैं। पुलिस द्वारा कार्रवाई न होने पर कोर्ट के आदेश से मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
Hapur News
Hapur News: यूपी के जनपद हापुड़ के नगर कोतवाली क्षेत्र में पति-पत्नी के विवाद का मामला अब गंभीर आपराधिक आरोपों तक पहुंच गया है। पक्का बाग निवासी एक युवक ने अपनी पत्नी समेत छह लोगों पर घर में घुसकर मारपीट करने, लाखों रुपये की नकदी और सोने-चांदी के आभूषण लूटने, जबरन दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराने तथा सोशल मीडिया और मोबाइल के माध्यम से बदनाम करने का आरोप लगाया है।
पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने पर पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली, जिसके बाद कोर्ट के आदेश पर नगर कोतवाली पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पीड़ित शिवम जिंदल निवासी पक्का बाग ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसका विवाह वर्ष 2021 में उत्तराखंड निवासी एक युवती के साथ हुआ था। आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद ही पत्नी ने उस पर उत्तराखंड में बसने और वहीं नया व्यापार शुरू करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं, उसने हापुड़ स्थित फैक्ट्री और अन्य संपत्तियां बेचकर अपने नाम से मकान खरीदने की मांग भी की। जब उसने इसका विरोध किया तो पत्नी और उसके परिजन उससे विवाद करने लगे और झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकियां देने लगे।
मोबाइल पर भेजी आपत्तिजनक सामग्री, विरोध करने पर मारपीट
शिवम का आरोप है कि मार्च 2025 में एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान उसकी पत्नी और अन्य आरोपित उसके घर पहुंचे। इस दौरान मोबाइल फोन पर अश्लील और आपत्तिजनक सामग्री भेजकर उसकी सामाजिक छवि खराब करने का प्रयास किया गया। जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपितों ने उसके साथ मारपीट की और उसका मोबाइल फोन छीन लिया। पीड़ित का दावा है कि इसी दौरान करीब 380 ग्राम सोने के आभूषण भी अपने कब्जे में ले लिए गए।रिपोर्ट के अनुसार आरोपितों ने पीड़ित और उसके परिवार के सदस्यों पर मानसिक दबाव बनाकर कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेजों पर हस्ताक्षर भी कराए। पीड़ित का कहना है कि यह सब योजनाबद्ध तरीके से उसकी संपत्ति और आर्थिक हितों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से किया गया।
दूसरी बार घर पहुंचकर तीन लाख की नकदी और सामान ले जाने का आरोप
पीड़ित ने आरोप लगाया कि मई 2025 में आरोपित दोबारा उसके घर पहुंचे और उसके तथा उसकी मां के साथ मारपीट की। इस दौरान घर की अलमारी में रखी करीब तीन लाख रुपये की नकदी, चांदी के बर्तन, धार्मिक मूर्तियां और अन्य कीमती सामान भी ले गए। घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल बन गया। *पुलिस ने नहीं की कार्रवाई, कोर्ट की शरण में पहुंचा पीड़ित*शिवम जिंदल का कहना है कि उसने घटना की शिकायत स्थानीय पुलिस से की थी, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में भी शिकायत भेजी, लेकिन मामला आगे नहीं बढ़ा। अंततः न्यायालय में प्रार्थना पत्र दायर किया गया, जहां से मामले को गंभीर मानते हुए मुकदमा दर्ज करने के आदेश जारी किए गए।
कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा
न्यायालय के निर्देश के बाद नगर कोतवाली पुलिस ने पत्नी समेत छह आरोपितों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस अब मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि न्यायालय के आदेश के अनुपालन में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य एवं साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।