35 लाख खर्च के बाद भी नहीं मिला सम्मान! दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को पीटकर घर से निकाला

हापुड़ के सिंभावली क्षेत्र में विवाहिता ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट, दो साल के बेटे को छीनने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं।

By :  Avnish Pal
Update:2026-08-06 18:54 IST

Hapur News

Hapur News: हापुड़ जिले के सिंभावली थाना क्षेत्र से दहेज उत्पीड़न का एक गंभीर मामला सामने आया है। गांव सिखैड़ा निवासी एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित करने, मारपीट करने, दो साल के मासूम बेटे को जबरन छीनने और घर से निकाल देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का यह भी आरोप है कि विदेश में नौकरी करने वाला उसका पति अब वापस लौट आया है और उसे मायके में घुसकर गोली मारने की धमकी दे रहा है। मामले में पीड़िता ने पुलिस से अपनी और परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है।

शादी में 35 लाख रुपये खर्च करने का दावा

पीड़िता साकिरा के अनुसार करीब तीन वर्ष पहले उसका विवाह पूरे रीति-रिवाज के साथ हुआ था। उसका कहना है कि मायके पक्ष ने अपनी आर्थिक क्षमता से बढ़कर करीब 35 लाख रुपये खर्च किए थे। इसके बावजूद शादी के कुछ समय बाद से ही दहेज को लेकर ताने दिए जाने लगे और अतिरिक्त दहेज की मांग करते हुए मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।पीड़िता का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग आए दिन उसके साथ मारपीट करते थे। वहीं विदेश में नौकरी करने वाला उसका पति भी भारत आने पर उसके साथ मारपीट करता था और तलाक देकर छोड़ने की धमकी देता था।

दो साल का बेटा छीनकर घर से निकालने का आरोप

तहरीर के मुताबिक 30 जून को विवाद के दौरान ससुराल पक्ष के लोगों ने कथित रूप से विवाहिता के साथ मारपीट की। इसके बाद उसका दो साल का बेटा उससे छीन लिया गया और उसे घर से बाहर निकाल दिया गया। पीड़िता का कहना है कि वह किसी तरह अपने मायके पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।उसका आरोप है कि घटना के बाद भी उसे बेटे से मिलने नहीं दिया गया और लगातार दबाव बनाया जा रहा है।

विदेश से लौटे पति पर धमकी देने का आरोप

पीड़िता का कहना है कि उसका पति अब विदेश से वापस आ चुका है। आरोप है कि वह लगातार उसे ससुराल लौटने के लिए दबाव बना रहा है। विरोध करने पर मायके में आकर गोली मारने और पूरे परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी जा रही है। इससे पूरा परिवार दहशत में है।

पुलिस से लगाई सुरक्षा और कार्रवाई की गुहार

पीड़िता ने सिंभावली थाने में तहरीर देकर पति समेत ससुराल पक्ष के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही अपनी और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की भी अपील की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।सिंभावली क्षेत्राधिकारी राहुल यादव ने बताया कि विवाहिता की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है।मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News