Hapur News: पीछे से बस ने बाइक में मारी ऐसी टक्कर, पहिये के नीचे कुचलकर युवक की मौत
Hapur News: हापुड़ के गढ़ रोड पर नवीन मंडी के पास तेज रफ्तार बस ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर पीछे बैठे नवदीप सिंह की बस के पहिये के नीचे कुचलकर मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त धर्मेंद्र कुमार घायल हो गया।
Hapur News
Hapur News: हापुड़ में तेज रफ्तार वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। गढ़ रोड पर नवीन मंडी के पास एक तेज रफ्तार बस ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर पीछे बैठे युवक सड़क पर जा गिरे और बस का पहिया उनके ऊपर से उतर गया। हादसे में युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा उसका दोस्त घायल हो गया। घटना के बाद बस चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर अज्ञात बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव रसूलपुर बहलोलपुर निवासी नवराज सिंह का पुत्र नवदीप सिंह 23 नवंबर को अपने दोस्त धर्मेंद्र कुमार की बाइक पर सवार होकर गांव से हापुड़ आ रहा था। नवदीप बाइक पर पीछे बैठा हुआ था। दोपहर करीब डेढ़ बजे दोनों गढ़ रोड स्थित नवीन मंडी के पास मनोहर रेजिडेंसी के नजदीक पहुंचे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही बस ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
संभलने का मौका भी नहीं मिला, पहिये के नीचे आ गया युवक
बस की टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित हो गई और नवदीप सड़क पर जा गिरा। इससे पहले कि वह खुद को संभाल पाता, बस का अगला पहिया उसके ऊपर से गुजर गया। गंभीर रूप से कुचलने के कारण नवदीप ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं बाइक चला रहा धर्मेंद्र कुमार भी हादसे में घायल हो गया। अचानक हुए इस हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बस छोड़कर भाग निकला चालक, पिता ने दर्ज कराया मुकदमा
हादसे के बाद बस चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। बेटे की मौत से परिवार में मातम छा गया। पिता नवराज सिंह अंतिम संस्कार और अन्य क्रिया-कर्म में व्यस्त होने के कारण तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं करा सके। बुधवार को थाने पहुंचकर उन्होंने अज्ञात बस चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। थाना देहात प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात बस चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।