Hapur News: आधार कार्ड से छेड़छाड़ कर करोड़ों की जमीन का बैनामा, पेट्रोल पंप निर्माण से मचा हड़कंप, हत्या की धमकी
Hapur News: हापुड़ में आधार कार्ड से छेड़छाड़ कर करोड़ों की जमीन का बैनामा कराने का आरोप है। पेट्रोल पंप निर्माण को लेकर विवाद बढ़ गया।
Hapur News(Photo-Social Media)
Hapur News: बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर बहलोलपुर से जमीन के कथित फर्जीवाड़े का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक युवती ने अपने ही ताऊ और उसके पुत्र पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उसके आधार कार्ड में कथित तौर पर छेड़छाड़ कर उसकी उम्र नाबालिग से बालिग दर्शाई गई और इसके बाद करोड़ों रुपये की पैतृक संपत्ति का बैनामा दिल्ली निवासी व्यक्ति के नाम करा दिया गया। आरोप है कि जमीन की बिक्री के बाद अब उसी भूमि पर पेट्रोल पंप का निर्माण कराया जा रहा है।मामले में पहले ही मुकदमा दर्ज हो चुका है और पुलिस ने आरोपित ताऊ व उसके पुत्र को गिरफ्तार किया था। हालांकि दोनों के जमानत पर बाहर आने के बाद युवती ने अब जान का खतरा बताते हुए जिलाधिकारी से गुहार लगाई है। डीएम के आदेश के बाद बाबूगढ़ पुलिस ने तीन नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
आधार कार्ड में छेड़छाड़ का आरोप, पैतृक जमीन का कराया बैनामा
गांव रसूलपुर बहलोलपुर निवासी निधि ने डीएम कार्यालय में दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि उसके ताऊ सुंदरपाल और उसके पुत्र कपिल कुमार ने उसके आधार कार्ड में छेड़छाड़ कर उसकी उम्र नाबालिग से बालिग दर्शाई। इसके बाद उसकी करोड़ों रुपये की पैतृक संपत्ति का बैनामा दिल्ली के फ्रैंड्स कॉलोनी निवासी तेजेंद्र सिंह चढ्ढा के नाम करा दिया गया।पीड़िता का आरोप है कि जमीन के सौदे से मिली पूरी धनराशि भी आरोपितों ने अपने कब्जे में कर ली। मामले की जानकारी होने के बाद उसने पुलिस से शिकायत की थी, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया और पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया था।
जमानत पर बाहर आते ही धमकी देने का आरोप
निधि का आरोप है कि मुकदमे के बाद आरोपित जमानत पर बाहर आ गए। अब वह खुलेआम उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पीड़िता ने आशंका जताई है कि आरोपित उसके खिलाफ दर्ज मुकदमे को वापस लेने का दबाव बना सकते हैं। इसी को लेकर उसने डीएम से शिकायत कर सुरक्षा और आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
जिस जमीन पर फर्जीवाड़े का आरोप, वहां बन रहा पेट्रोल पंप
मामले को और गंभीर बनाने वाली बात यह है कि पीड़िता ने जिस भूमि के बैनामे को कथित तौर पर फर्जी बताया है, वह जमीन आगे भी बेची जा चुकी है। शिकायत के अनुसार खसरा संख्या-142 में दर्ज 0.12105 हेक्टेयर भूमि को तेजेंद्र सिंह चढ्ढा ने आगे बिक्री कर दिया। पीड़िता का दावा है कि अब इसी जमीन पर पेट्रोल पंप का निर्माण कार्य चल रहा है।युवती ने प्रशासन से मांग की है कि विवादित भूमि पर चल रहे पेट्रोल पंप के निर्माण कार्य को तत्काल रुकवाया जाए और कथित फर्जी बैनामे से जुड़े सभी दस्तावेजों की जांच कराई जाए।
डीएम के आदेश पर तीन आरोपितों के खिलाफ मुकदमा
शिकायत के बाद डीएम के आदेश पर बाबूगढ़ पुलिस ने कार्रवाई की है। बाबूगढ़ थाना प्रभारी प्रवीन कुमार ने बताया कि डीएम के आदेश पर तीन नामजद आरोपितों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सामने आने वाले तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।