Hapur News: चोरी कर भाग रहा था शातिर चोर, लोगों ने दबोचा; वायरिंग, इंटरकूलर और रेडिएटर बरामद
Hapur News: हापुड़ में चोरी कर भाग रहे शातिर चोर को लोगों ने पकड़ लिया। आरोपी के पास से वायरिंग, इंटरकूलर और रेडिएटर बरामद हुए।
Hapur News(Photo-Social Media)
Hapur News: देहात थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े गैराज से चोरी कर भाग रहे एक आरोपी को लोगों ने घेराबंदी कर दबोच लिया। आरोपी के कब्जे से गैराज से चोरी की गई वायरिंग, इंटरकूलर और रेडिएटर बरामद होने के बाद लोगों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गैराज से सामान लेकर निकल रहा था आरोपी
साकेत कॉलोनी निवासी रामकुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गढ़ रोड पर उनकी स्पेयर पार्ट्स की दुकान है। दुकान के पास ही भीमनगर निवासी जयभगवान का गैराज भी स्थित है। 15 अगस्त की सुबह करीब साढ़े आठ बजे एक व्यक्ति गैराज से सामान लेकर बाहर निकलता दिखाई दिया। शक होने पर रामकुमार ने आसपास मौजूद लोगों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद अशोक कुमार, सरजीत, सोनू और अंशुल की मदद से आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम कोटला सादात निवासी साजिद बताया।
तलाशी में निकला चोरी का सामान
लोगों ने आरोपी के पास मौजूद सामान की जांच की तो गैराज से चोरी की गई वायरिंग, इंटरकूलर और रेडिएटर बरामद हुआ। इसके बाद लोगों ने आरोपी को देहात थाने पहुंचाकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
देहात थाना प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपी साजिद के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बरामद सामान को कब्जे में लेकर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चोरी की घटना में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।