Hapur News: NH-9 पर खड़े कंटेनर में घुसी तेज रफ्तार बाइक, युवक की मौत; दो महीने पहले हुई थी शादी

Hapur News: हापुड़ के सिंभावली थाना क्षेत्र में NH-9 पर सड़क किनारे खड़े कंटेनर में तेज रफ्तार बाइक घुसने से 25 वर्षीय कपिल की मौत हो गई।

By :  Avnish Pal
Update:2026-08-12 15:47 IST

Hapur News

Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में नेशनल हाईवे-9 पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। सिंभावली थाना क्षेत्र में वैठ मोड़ चौकी के पास सड़क किनारे खड़े कंटेनर में पीछे से तेज रफ्तार बाइक जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

दिल्ली से ड्यूटी खत्म कर गांव लौट रहा था युवक

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 25 वर्षीय कपिल के रूप में हुई है। कपिल मूल रूप से संभल जिले के बनियाठेर थाना क्षेत्र के बनियाठेर गांव का रहने वाला था। वह दिल्ली के अक्षरधाम क्षेत्र स्थित एक होटल में रिसेप्शनिस्ट के पद पर नौकरी करता था।मंगलवार देर रात करीब एक बजे कपिल अपनी ड्यूटी समाप्त करने के बाद बाइक से दिल्ली से संभल स्थित अपने गांव के लिए रवाना हुआ था। वह जैसे ही सिंभावली क्षेत्र में वैठ मोड़ चौकी के पास पहुंचा, तभी सड़क किनारे खड़े कंटेनर से उसकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर के बाद मौके पर मची अफरा-तफरी

हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही सिंभावली पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल कपिल को उपचार के लिए स्थानीय सरकारी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस सड़क किनारे खड़े कंटेनर और दुर्घटना की परिस्थितियों को लेकर भी जानकारी जुटा रही है।

19 जून को हुई थी शादी, दो महीने में उजड़ गई खुशियां

सबसे ज्यादा झकझोर देने वाली बात यह है कि कपिल की शादी को अभी महज दो महीने ही हुए थे। मृतक के भाई रविंदर पाल के मुताबिक कपिल की शादी 19 जून 2026 को हाथरस निवासी महेश की बेटी कुमकुम से हुई थी।परिवार अभी नई शादी की खुशियों से पूरी तरह उबर भी नहीं पाया था कि कपिल की मौत की खबर ने सबको सदमे में डाल दिया। हादसे की सूचना घर पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। नवविवाहिता पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने शुरू की जांच

सिंभावली थाना प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि हादसे में 25 वर्षीय कपिल की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा हादसे के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Tags:    

Similar News