Hapur News: वर पर महिला से मारपीट का आरोप, 14 वर्षीय बेटे को भी धमकी देने की शिकायत

Hapur News: हापुड़ के सिंभावली में महिला ने देवर पर घर में घुसकर मारपीट और अभद्रता का आरोप लगाया। 14 वर्षीय बेटे को भी धमकी देने की शिकायत की।

By :  Avnish Pal
Update:2026-08-14 20:17 IST

Hapur News :-सिंभावली थाना क्षेत्र के गांव अनूपपुर डिबाई में पारिवारिक रंजिश का मामला सामने आया है। एक महिला ने अपने देवर पर घर में घुसकर मारपीट करने, अभद्रता करने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला का यह भी आरोप है कि उसके 14 वर्षीय बेटे को भी धमकाया गया। पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस से करते हुए कार्रवाई की मांग की है।गांव निवासी दरक्षा ने सिंभावली थाने में दी तहरीर में बताया कि उनके पति याकूब कामकाज के सिलसिले में नोएडा में रहते हैं और सप्ताह में करीब एक बार ही घर आ पाते हैं। महिला का आरोप है कि इसी बात का फायदा उठाकर पड़ोस में रहने वाला उनका देवर आए दिन उनके परिवार को परेशान करता है।

दीवार कूदकर घर में घुसने का आरोप

दरक्षा का आरोप है कि देवर उनके परिवार से रंजिश रखता है। वह अक्सर दीवार कूदकर उनके घर में घुस आता है। महिला के मुताबिक, जब वह इसका विरोध करती हैं तो आरोपी उनके साथ मारपीट और अभद्रता करता है। उन्होंने देवरानी पर भी आए दिन अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है।पीड़िता के अनुसार, शुक्रवार सुबह भी देवर उनके घर पहुंच गया और अभद्रता करने लगा। महिला ने जब इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि देवर ने उसके साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया। शोर-शराबा होने पर आसपास के लोगों के पहुंचने की बात भी महिला ने पुलिस को बताई है।

बेटे को भी धमकाने का आरोप

महिला ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान उसके 14 वर्षीय बेटे को भी जान से मारने की धमकी दी गई। इस घटना के बाद महिला और उसका परिवार डरा हुआ है। पीड़िता ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

पुलिस बोली- जांच के बाद होगी कार्रवाई

सीओ राहुल यादव ने बताया कि महिला की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। लगाए गए आरोपों की जांच कराई जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News