Hapur News: चाय की चुस्की के बीच पहुंचा हमलावर, युवक के चेहरे पर धारदार हथियार से किया वार

Hapur News: हापुड़ के निवाजीपुरा में पुरानी रंजिश के चलते चाय पी रहे युवक पर धारदार हथियार से हमला किया गया। भाई ने बचाया, पुलिस ने केस दर्ज किया।

By :  Avnish Pal
Update:2026-11-29 12:44 IST

Hapur News: हापुड़ में पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट और जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। नगर कोतवाली क्षेत्र के निवाजीपुरा मोहल्ले में चाय की दुकान पर बैठे एक युवक पर पड़ोसी ने अचानक हमला कर दिया। पहले आरोपी ने युवक के साथ गाली-गलौज की और जब उसने इसका विरोध किया तो मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावर ने धारदार हथियार से युवक के चेहरे पर वार कर उसे लहूलुहान कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। युवक के साथ मौजूद उसके भाई ने बीच-बचाव करते हुए किसी तरह उसकी जान बचाई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी दोनों भाइयों को जान से मारने की धमकी देता हुआ फरार हो गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

समझौते के बाद भी नहीं भूला पुरानी रंजिश

पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, निवाजीपुरा निवासी सोनू की कुछ दिन पहले मोहल्ले के ही असलम पुत्र सलीम से कहासुनी हो गई थी। उस समय दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया था, लेकिन बाद में उनका समझौता हो गया था। पीड़ित का आरोप है कि समझौता होने के बावजूद असलम उससे रंजिश रखने लगा था। उसे अंदाजा भी नहीं था कि पुरानी कहासुनी को लेकर आरोपी इस तरह हमला कर देगा।

चाय पीते समय गाली-गलौज, विरोध किया तो चेहरे पर किया वार

पीड़ित सोनू के मुताबिक, 26 नवंबर की रात करीब आठ बजे वह निवाजीपुरा की पुलिया के पास जरीफ की दुकान पर बैठकर चाय पी रहा था। इसी दौरान असलम वहां पहुंच गया और उसके साथ गाली-गलौज करने लगा। सोनू ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इसी दौरान हमलावर ने किसी धारदार वस्तु से उसके चेहरे पर वार कर दिया। हमले में सोनू गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके चेहरे पर चोटें आईं।

भाई ने बीच-बचाव कर बचाई जान, धमकी देकर भागा आरोपी

अचानक हुए हमले के दौरान मौके पर मौजूद सोनू के भाई सलीम ने अपने भाई को बचाने के लिए बीच-बचाव किया। उसने किसी तरह हमलावर को रोका और सोनू को उसके चंगुल से छुड़ाया। आरोप है कि इसके बाद असलम दोनों भाइयों को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। घटना के बाद घायल सोनू परिजनों के साथ नगर कोतवाली पहुंचा और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। पुलिस ने घायल का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया।

सीओ सिटी बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाई

पीड़ित ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और अपनी जान-माल की सुरक्षा की मांग की है। मामले में सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News