Hapur News: OYO और बीयर बार में नाबालिगों की एंट्री पर रोक लगाने की तैयारी, पुलिस से मांगा जवाब

Hapur News: हापुड़ में OYO होटल, ढाबों, हुक्का बार और बीयर बार में नाबालिगों की मौजूदगी रोकने के लिए बाल कल्याण समिति ने पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजा है। समिति ने औचक जांच, स्कूलों की छुट्टी के समय विशेष गश्त और संदिग्ध प्रतिष्ठानों की निगरानी की मांग की है।

By :  Avnish Pal
Update:2026-11-28 17:42 IST

Hapur News

Hapur News: जिले में संचालित OYO होटल, साधारण होटल, ढाबे, हुक्का बार और बीयर बार अब पुलिस की निगरानी के दायरे में लाने की तैयारी है। इन प्रतिष्ठानों में नाबालिग बच्चों की मौजूदगी रोकने के लिए बाल कल्याण समिति ने सख्त कदम उठाने की पहल की है। समिति ने पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजकर जिलेभर में औचक जांच अभियान चलाने, विशेष गश्त कराने और संदिग्ध प्रतिष्ठानों पर कड़ी नजर रखने की मांग की है। साफ संदेश दिया गया है कि यदि किसी होटल, ढाबे या हुक्का बार में नाबालिग बच्चा मिलता है तो संबंधित संचालक के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाए।बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष अभिषेक त्यागी और सदस्य बाबूराम गिरी, शशि तथा डॉ. इंदु गोस्वामी की ओर से भेजे गए पत्र में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई गई है। समिति का कहना है कि जिले में संचालित होटल, OYO, ढाबे, हुक्का बार, बीयर बार और अन्य संदिग्ध स्थानों पर नाबालिगों के प्रवेश और उनकी मौजूदगी को रोकना बेहद जरूरी है। इसके लिए पुलिस को केवल शिकायत मिलने का इंतजार करने के बजाय नियमित रूप से औचक निरीक्षण करना चाहिए।

नाबालिग मिला तो संचालक पर होगी कार्रवाई, CWC तक पहुंचेगा मामला

समिति ने मांग की है कि सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित ऐसे प्रतिष्ठानों की नियमित जांच के निर्देश दिए जाएं। जांच के दौरान यह सुनिश्चित किया जाए कि कहीं कोई नाबालिग बच्चा असुरक्षित परिस्थितियों में तो मौजूद नहीं है। यदि किसी प्रतिष्ठान में नाबालिग बच्चा मिलता है तो संचालक के खिलाफ नियमानुसार तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही बच्चे की सुरक्षा और संरक्षण सुनिश्चित करते हुए उसे तत्काल बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाए, जिससे उसके हित में जरूरी कदम उठाए जा सकें।

पहली जांच में बच गए तो भी नहीं मिलेगी छूट

समिति ने अपने पत्र में यह भी स्पष्ट किया है कि जांच के दौरान यदि किसी प्रतिष्ठान में नाबालिग बच्चा नहीं मिलता है, तब भी उसके संचालक को चेतावनी दी जाए। उन्हें साफ तौर पर बताया जाए कि भविष्य में किसी भी नाबालिग को प्रतिष्ठान में प्रवेश देने या उसकी मौजूदगी पाए जाने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जा सकती है। यानी पुलिस की जांच केवल औपचारिकता बनकर न रह जाए, बल्कि प्रतिष्ठानों पर लगातार निगरानी रखी जाए।

स्कूलों की छुट्टी होते ही सक्रिय रहेगी पुलिस, संदिग्ध ठिकानों पर रहेगी नजर

बाल कल्याण समिति ने स्कूलों के आसपास भी विशेष पुलिस निगरानी की मांग की है। पत्र में कहा गया है कि सभी थाना प्रभारी अपने क्षेत्रों के विद्यालयों में बच्चों के आने और छुट्टी होने के समय विशेष गश्त कराएं। पुलिसकर्मी इस बात पर नजर रखें कि स्कूल से निकलने के बाद कोई नाबालिग बच्चा होटल, ढाबे, हुक्का बार, बीयर बार या किसी अन्य संदिग्ध स्थान पर तो नहीं जा रहा है। इसका उद्देश्य बच्चों को असुरक्षित माहौल और संभावित गलत गतिविधियों से बचाना है।

थाना प्रभारियों से मांगी जाएगी कार्रवाई की रिपोर्ट

समिति ने पुलिस प्रशासन से केवल जांच के आदेश जारी करने तक सीमित नहीं रहने, बल्कि सभी थाना क्षेत्रों में नियमित निगरानी और औचक कार्रवाई सुनिश्चित कराने की मांग की है। साथ ही थाना प्रभारियों द्वारा की गई जांच और कार्रवाई की रिपोर्ट भी मांगी है, ताकि पता चल सके कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर धरातल पर कितने प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।अब देखना होगा कि बाल कल्याण समिति के इस पत्र के बाद हापुड़ पुलिस जिलेभर के होटल, OYO, ढाबों और हुक्का बार पर निगरानी के लिए किस तरह का अभियान शुरू करती है।

Tags:    

Similar News