Hapur अपनी मर्जी से शादी... अब अपनों से ही अनहोनी का डर! पति और ससुराल को बचाने एसपी के दरबार पहुंची युवती

Hapur News: दिल्ली में शादी के बाद मायके पक्ष से अनहोनी की आशंका, सात बिंदुओं के प्रार्थना पत्र के साथ हापुड़ एसपी से मांगी सुरक्षा

By :  Avnish Pal
Update:2026-11-27 19:38 IST

Hapur News :-सात फेरे लेकर अपनी पसंद के युवक के साथ जिंदगी बिताने का फैसला किया, लेकिन अब इसी फैसले के बाद युवती को अपनों की नाराजगी का डर सताने लगा है। उसे आशंका है कि शादी से खफा मायके पक्ष के लोग उसके पति और ससुराल वालों के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकते हैं। कहीं शादी को लेकर कोई नया विवाद न खड़ा हो जाए और कहीं पति व ससुराल पक्ष को झूठी शिकायतों में न उलझा दिया जाए, इसी चिंता के बीच नवविवाहिता सीधे हापुड़ के एसपी मधुबन कुमार सिंह के पास पहुंच गई। युवती ने खुद के साथ अपने पति और ससुराल वालों की सुरक्षा की गुहार लगाते हुए ऐसा प्रार्थना पत्र सौंपा है, जिसमें उसने सात बिंदुओं के जरिए अपनी शादी की पूरी कहानी पुलिस के सामने रखी है।मामला अमरोहा जिले के धनौरा क्षेत्र की रहने वाली सुरभि पुत्री गुरुमुख सिंह से जुड़ा है। प्रार्थना पत्र में युवती ने अपनी जन्मतिथि चार जुलाई 2004 बताते हुए खुद को बालिग बताया है। उसने कहा है कि 19 नवंबर 2026 को उसने अपनी पसंद के युवक दीपक सिंह पुत्र विक्रम सिंह निवासी गांव छपरौली, थाना बाबूगढ़, जिला हापुड़ के साथ दिल्ली में हिंदू रीति-रिवाज और सनातन वैदिक परंपरा के अनुसार विवाह किया है। शादी से संबंधित दस्तावेज भी उसने पुलिस को सौंपे हैं।

न अपहरण, न दबाव... अपनी मर्जी से चुना जीवनसाथी

युवती ने अपने प्रार्थना पत्र में सबसे अहम बात यह कही है कि उसका अपहरण नहीं किया गया और न ही किसी ने उसे किसी तरह का प्रलोभन देकर या दबाव बनाकर शादी करने के लिए मजबूर किया। उसने स्पष्ट किया कि वह अपनी स्वतंत्र इच्छा से दीपक के साथ विवाह करके आई है और अपने पति के साथ खुश है। वह आगे भी उसी के साथ वैवाहिक जीवन बिताना चाहती है।

मायके से न गहने लाई, न नकदी

युवती ने शादी को लेकर उठ सकने वाले सवालों पर भी अपना पक्ष रखा है। उसने बताया कि विवाह के दौरान वह मायके से सोने-चांदी के आभूषण, नकदी या अन्य सामान लेकर नहीं आई थी। वह पहने हुए कपड़ों में ही शादी समारोह में पहुंची और दोनों ने सादगीपूर्ण तरीके से विवाह किया। उसके मुताबिक, शादी में किसी भी व्यक्ति का दबाव नहीं था।

शादी के बाद क्यों पहुंची पुलिस की चौखट पर?

प्रार्थना पत्र का सबसे संवेदनशील पहलू मायके पक्ष की संभावित नाराजगी को लेकर जताई गई आशंका है। युवती का कहना है कि उसके परिवार या मायके पक्ष के रिश्तेदार शादी से नाराज होकर उसके पति और ससुराल वालों के खिलाफ शिकायत कर सकते हैं। इसी आशंका के चलते उसने पुलिस से पहले ही अपना पक्ष रिकॉर्ड में दर्ज कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में कोई विवाद होने पर उसकी स्वेच्छा से शादी करने की बात सामने रखी जा सके।

सात बिंदुओं में पुलिस को बताई अपनी बात

युवती ने अपने प्रार्थना पत्र में उम्र, शादी की तारीख, विवाह की परिस्थितियों, किसी तरह का सामान साथ न लाने, दबाव या अपहरण से इनकार, पति के साथ खुश होने और संभावित शिकायतों की आशंका जैसे सात बिंदुओं का उल्लेख किया है। उसने एसपी से अनुरोध किया है कि प्रार्थना पत्र को पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज कर संबंधित थाने को आवश्यक निर्देश दिए जाएं। साथ ही उसे, उसके पति और ससुराल पक्ष के लोगों को सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।

एसपी मधुबन कुमार सिंह का बयान

एसपी मधुबन कुमार सिंह का कहना है कि युवती की ओर से दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर मामले को गंभीरता से लिया जाएगा। संबंधित थाना पुलिस को प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए जाएंगे। युवती की सुरक्षा और उसकी इच्छा के अनुरूप वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। किसी भी पक्ष को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। यदि किसी व्यक्ति की ओर से धमकी या उत्पीड़न किए जाने की शिकायत मिलती है तो उसकी जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News