Hapur में लापता भाई-बहन का रहस्य गहराया, पांच दिन पहले डिलीट किए अकाउंट

Hapur News: परीक्षा देने निकले केशव और करुणा का पांचवें दिन भी सुराग नहीं, राजस्थान में लोकेशन मिलने पर चार राज्यों में तलाश तेज, 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई।

By :  Avnish Pal
Update:2026-11-26 23:05 IST

Hapur में लापता भाई-बहन का रहस्य गहराया, पांच दिन पहले डिलीट किए अकाउंट (Photo- Newstrack)

Hapur News: परीक्षा देने के लिए घर से निकले भाई-बहन के अचानक लापता होने का मामला अब और रहस्यमय होता जा रहा है। सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि दोनों ने घर से गायब होने से करीब पांच दिन पहले ही अपने इंस्टाग्राम, फेसबुक और वॉट्सएप अकाउंट डिलीट कर दिए थे। इसके बाद दोनों ने अपने मोबाइल नंबरों से किसी को फोन तक नहीं किया और फिर मोबाइल बंद हो गए। क्या दोनों ने पहले से ही घर छोड़ने की पूरी पटकथा तैयार कर ली थी या फिर किसी दूसरी वजह से अचानक गायब हुए? पुलिस अब इसी सवाल का जवाब तलाशने में जुटी है।पुलिस जांच में दोनों के राजस्थान में होने की जानकारी मिलने के बाद दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तलाश तेज कर दी गई है। 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बावजूद दोनों का कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग सका है। उधर, पांच दिन से अधिक समय बीतने के बाद भी बच्चों का पता नहीं चलने से परिजनों की बेचैनी लगातार बढ़ रही है।

पांच दिन पहले सोशल मीडिया से तोड़ा नाता, फिर मोबाइल भी बंद

थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव जैतपुर निवासी यतीन कुमार के बेटे केशव और बेटी करुणा चौधरी 17 नवंबर को परीक्षा देने के लिए घर से निकले थे। केशव 12वीं और करुणा बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा है। दोनों ने परिजनों को बताया था कि वे गाजियाबाद के चौधरी मोड़ स्थित एमएमएच कॉलेज में परीक्षा देने जा रहे हैं। लेकिन घर से निकलने के बाद दोनों ऐसे गायब हुए कि अब तक उनका कोई पता नहीं चल पाया है।जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि दोनों ने लापता होने से करीब पांच दिन पहले ही अपने इंस्टाग्राम, फेसबुक और वॉट्सएप अकाउंट डिलीट कर दिए थे। इतना ही नहीं, पांच दिनों तक दोनों ने अपने मोबाइल नंबरों से किसी को कॉल भी नहीं की। इसके बाद मोबाइल फोन बंद हो गए। इस घटनाक्रम ने पुलिस के सामने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच की जा रही है कि सोशल मीडिया अकाउंट बंद करने और मोबाइल फोन निष्क्रिय करने के पीछे दोनों की क्या मंशा थी।

बाबूगढ़ छावनी में बाइक छोड़ी, थ्रीव्हीलर से आगे निकले

पुलिस की जांच में सामने आया है कि दोनों भाई-बहन बाइक से बाबूगढ़ छावनी तक पहुंचे थे। यहां बाइक खड़ी करने के बाद दोनों थ्रीव्हीलर में बैठकर आगे रवाना हो गए। इसके बाद उनकी गतिविधियों का पता लगाने के लिए पुलिस ने आसपास के रास्तों और प्रमुख स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की।अब तक 100 से अधिक कैमरों की फुटेज देखी जा चुकी है। छिजारसी टोल प्लाजा तक दोनों के पहुंचने का रास्ता स्पष्ट होने के बाद पुलिस आगे के संभावित रास्तों और ठिकानों की जानकारी जुटा रही है। राजस्थान में दोनों के होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीमें अलग-अलग स्थानों पर उनकी तलाश कर रही हैं।

पहले भी दो बार घर छोड़ चुका है केशव, पुलिस ने खोज निकाला था

जांच में केशव के पुराने घटनाक्रम भी सामने आए हैं। बताया गया है कि वह घर से करीब 10 हजार रुपये लेकर निकला था। इससे पहले भी वह दो बार बिना बताए घर छोड़कर जा चुका है। पहली बार वह जयपुर पहुंचा था, जबकि दूसरी बार दिल्ली गया था। दोनों ही मामलों में पुलिस ने उसे तलाश कर बरामद कर लिया था। पहली बार उसे खोजने में सात दिन और दूसरी बार तीन दिन लगे थे।वहीं, करुणा के मोबाइल फोन पर किसी व्यक्ति से बातचीत करने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है। दोनों के परिचितों, संभावित संपर्कों और पुराने घटनाक्रमों के आधार पर उनके जाने की वजह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

चार राज्यों में तलाश, परिवार को सकुशल वापसी का इंतजार

भाई-बहन का कोई सुराग नहीं मिलने से परिवार की चिंता बढ़ती जा रही है। पुलिस अब दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में संभावित ठिकानों पर जानकारी जुटा रही है। सोशल मीडिया से जुड़े पहलुओं और उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है।थाना बाबूगढ़ प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि लापता भाई-बहन की तलाश में पुलिस टीमें लगातार काम कर रही हैं। राजस्थान समेत चार राज्यों में संभावित स्थानों पर जानकारी जुटाई जा रही है। दोनों को जल्द से जल्द सकुशल बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Tags:    

Similar News