Hapur News: न्याय की गुहार या सिस्टम से नाराजगी? विधायक आवास के बाहर युवक के आत्मदाह प्रयास से खलबली
Hapur News: हापुड़ में भाई के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज होने और पिता को चौकी में बैठाने से नाराज युवक ने सदर विधायक आवास के बाहर आत्मदाह का प्रयास किया।
Hapur News
Hapur News: भाई के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज होने और पिता को पुलिस चौकी में बैठाए जाने से नाराज एक युवक का गुस्सा बृहस्पतिवार सुबह उस समय फूट पड़ा, जब वह सदर विधायक के आवास के बाहर पहुंच गया। यहां युवक ने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह करने का प्रयास किया। अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि युवक के स्वजन और आसपास मौजूद लोगों ने उसे समय रहते पकड़ लिया और बड़ा हादसा होने से बचा लिया। इसके बाद युवक ने पुलिस के खिलाफ जमकर नाराजगी जाहिर की। उसने चौकी अयोध्यापुरी प्रभारी पर मिलीभगत कर अपने भाई को चोरी के मुकदमे में फंसाने तथा पिता को चौकी में बैठाने का आरोप लगाया। युवक ने अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर न्याय दिलाने की मांग की।
पूरा मामला थाना देहात क्षेत्र के मोहल्ला शिवचरणपुरा का है। यहां बीती 30 सितंबर को नीतू पत्नी कमल के घर में चोरी की वारदात हुई थी। नीतू की ओर से दर्ज कराए गए मुकदमे के मुताबिक, वह परिवार के साथ दुकान पर गई हुई थीं। इसी दौरान चोरों ने छत के रास्ते घर में प्रवेश कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। एक अक्टूबर की सुबह जब वह घर लौटीं तो संदूक का ताला टूटा हुआ मिला। घर का सामान बिखरा देखकर उन्हें चोरी की जानकारी हुई।
पाजेब, कुंडल से लेकर 80 हजार की नकदी तक चोरी
पीड़िता के मुताबिक, चोर संदूक में रखी तीन जोड़ी पाजेब, बच्चे के चांद-सूरज, एक जोड़ी कान के कुंडल और टूटी-फूटी चांदी चोरी कर ले गए थे। इसके अलावा संदूक में रखे 80 हजार रुपये और 20 हजार रुपये की नकदी से भरी गुल्लक भी गायब थी। चोरी की इस घटना से परिवार को आर्थिक नुकसान हुआ था। मामले में नीतू ने मोहल्ले के ही मोंटी को नामजद करते हुए उस पर चोरी का शक जताया था। उनकी तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था।
भाई को फंसाने का आरोप, चौकी प्रभारी पर उठाए सवाल
अब मुकदमे में नामजद मोंटी के भाई कृष्ण ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े किए हैं। कृष्ण का आरोप है कि उसके भाई को मिलीभगत के चलते चोरी के मुकदमे में फंसाया गया है। उसका कहना है कि पुलिस निष्पक्ष जांच करने के बजाय उनके परिवार को परेशान कर रही है। उसने चौकी अयोध्यापुरी प्रभारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए अधिकारियों से मामले की जांच किसी निष्पक्ष अधिकारी से कराने की मांग की।
कृष्ण ने आरोप लगाया कि बुधवार रात पुलिस ने नगर रेलवे स्टेशन से उसके पिता कांछिद को पकड़ लिया था। इसके बाद उन्हें चौकी अयोध्यापुरी ले जाकर बैठा दिया गया। परिवार का दावा है कि पिता को चौकी में बैठाए जाने से उनकी परेशानी और बढ़ गई। इसी से क्षुब्ध होकर कृष्ण बृहस्पतिवार सुबह सदर विधायक के आवास पर पहुंचा और अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किया। हालांकि, मौके पर मौजूद स्वजन और स्थानीय लोगों ने उसे ऐसा करने से रोक दिया। घटना के बाद पुलिस ने उसके पिता को चौकी से छोड़ दिया।
विधायक आवास के बाहर हंगामे से पुलिस महकमे में हलचल
विधायक आवास के बाहर युवक के आत्मदाह के प्रयास की सूचना से पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई। युवक ने मौके पर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपने भाई को झूठे मुकदमे में फंसाने का आरोप लगाया। उसने अधिकारियों से सवाल किया कि यदि चोरी के मामले में उसके भाई के खिलाफ कार्रवाई की गई है तो उसकी निष्पक्ष जांच भी होनी चाहिए। युवक ने पूरे प्रकरण की जांच कराकर परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।थाना देहात प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि युवक द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच कराई जाएगी। किसी भी निर्दोष व्यक्ति को परेशान नहीं किया जाएगा। मामले में तथ्यों और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।