हापुड़ में विकास कार्यों की गुणवत्ता पर सख्त हुए प्रभारी मंत्री केपी मलिक, दिए निर्देश
Hapur News: हापुड़ में प्रभारी मंत्री केपी मलिक ने विकास कार्यों की समीक्षा कर गुणवत्ता से समझौता न करने, गौशालाओं, अस्पतालों और पेंशन योजनाओं की व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
Hapur News: कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को जनपद के प्रभारी मंत्री केपी मलिक की अध्यक्षता में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विकास परियोजनाओं, सरकारी योजनाओं की प्रगति और आमजन से जुड़ी समस्याओं की बिंदुवार समीक्षा की गई। इस दौरान प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी और स्थलीय निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए। खास बात यह रही कि उन्होंने विकास कार्यों का निरीक्षण जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर कराने पर जोर दिया, ताकि योजनाओं की वास्तविक स्थिति और निर्माण की गुणवत्ता सामने आ सके।प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार की मंशा विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की है। ऐसे में अधिकारी केवल कागजी प्रगति तक सीमित न रहें, बल्कि धरातल पर कार्यों की स्थिति भी सुनिश्चित करें। निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और तय समयसीमा में पूरे कराए जाएं। जिन परियोजनाओं पर काम चल रहा है, उनकी प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए। अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए गए कि जनप्रतिनिधियों को विकास कार्यों की जानकारी उपलब्ध कराई जाए, जिससे क्षेत्रीय समस्याओं और जरूरतों के अनुसार योजनाओं को गति मिल सके।
ठंड में गोवंश की सुरक्षा में लापरवाही पर होगी परेशानी
सर्दी के मौसम को देखते हुए प्रभारी मंत्री ने जिले की सभी गौशालाओं की व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी से कहा कि गौशालाओं में गोवंश को ठंड से बचाने के लिए पर्याप्त इंतजाम किए जाएं। पशुओं के लिए हरे चारे, भूसे और स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित होनी चाहिए। गौशालाओं में साफ-सफाई, पशुओं के रहने और ठंड से बचाव के लिए जरूरी संसाधनों की व्यवस्था समय रहते पूरी कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि गोवंश की देखभाल में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
पेंशन अटकने पर समाज कल्याण अधिकारी से मांगा जवाब
बैठक में वृद्धावस्था पेंशन का लाभ नहीं मिलने की शिकायतों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। प्रभारी मंत्री ने समाज कल्याण अधिकारी से पूछा कि पात्र बुजुर्गों की पेंशन क्यों रुक रही है। इस पर अधिकारी ने बताया कि कुछ लाभार्थियों की केवाईसी और अन्य जरूरी जानकारियां अपडेट नहीं होने के कारण पेंशन का भुगतान प्रभावित हुआ है। इस पर प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि ऐसे सभी मामलों की जांच कराई जाए और लाभार्थियों की लंबित औपचारिकताएं जल्द पूरी कराई जाएं। किसी भी पात्र बुजुर्ग को सरकारी योजना के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की प्रगति की भी जानकारी ली गई।
खांसी-जुकाम और बुखार के मरीजों को अस्पतालों में मिले पर्याप्त दवाएं
बदलते मौसम में बढ़ रहे खांसी, जुकाम और बुखार के मामलों को देखते हुए प्रभारी मंत्री ने स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट रहने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से कहा कि जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता रखी जाए। अस्पतालों में आने वाले मरीजों को दवाओं के अभाव में परेशान न होना पड़े। इसके अलावा अस्पतालों में साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखने, मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने पर जोर
प्राथमिक शिक्षा की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि जिले के सभी प्राथमिक विद्यालयों में पढ़ाई का स्तर बेहतर बनाया जाए। विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था की नियमित निगरानी की जाए और विद्यार्थियों को सरकार की ओर से मिलने वाली सुविधाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार के साथ यह भी सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र विद्यार्थी सरकारी योजनाओं और सुविधाओं से वंचित न रहे। विद्यालयों में बच्चों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता होनी चाहिए।
जनप्रतिनिधियों की शिकायतों को अगली बैठक तक निपटाने का अल्टीमेटम
प्रभारी मंत्री ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों की ओर से उठाई गई समस्याओं को गंभीरता से लिया जाए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्रों की जनता की समस्याएं प्रशासन के सामने रखते हैं, इसलिए उनका समयबद्ध निस्तारण होना चाहिए। बैठक में जो भी शिकायतें और समस्याएं सामने आई हैं, संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर अगली समीक्षा बैठक से पहले उनका समाधान सुनिश्चित करें।उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिले में चल रहे और पूरे हो चुके निर्माण एवं विकास कार्यों की जानकारी जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई जाए। योजनाओं की प्रगति, खर्च और कार्यों की गुणवत्ता को लेकर पारदर्शिता रखी जाए, ताकि विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति सभी के सामने रहे। अधिकारियों को सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरतने को कहा गया।
गढ़ गंगा मेले के सफल आयोजन पर अधिकारियों की थपथपाई पीठ
बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री केपी मलिक ने गढ़ गंगा मेले के सफल आयोजन पर जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, जनप्रतिनिधियों और आयोजन से जुड़े सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इतने बड़े आयोजन को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने में सभी विभागों ने आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ काम किया। इसके लिए पूरी टीम बधाई की पात्र है।
एसपी से ली कानून व्यवस्था की जानकारी
विकास कार्यों की समीक्षा के बाद प्रभारी मंत्री ने पुलिस अधीक्षक मधुबन कुमार सिंह से जिले की कानून व्यवस्था की स्थिति के बारे में जानकारी ली। एसपी ने बताया कि जनपद में कानून व्यवस्था सामान्य है। किसी भी क्षेत्र से शिकायत मिलने पर संबंधित थाने के माध्यम से तत्काल कार्रवाई कराई जाती है। पुलिस विभाग की ओर से कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा नागर, सदर विधायक विजयपाल आढ़ती, जिलाधिकारी कविता मीना, पुलिस अधीक्षक मधुबन कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी श्रुति शर्मा, हापुड़-पिलखुवा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष, परियोजना निदेशक, मेरठ, गाजियाबाद और अमरोहा लोकसभा क्षेत्रों के सांसद प्रतिनिधि, नगर पालिका परिषद हापुड़ के अध्यक्ष, हापुड़, धौलाना और सिंभावली के ब्लॉक प्रमुख सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।