Hapur News: बुढ़ापे में अकेलापन और उदासी को न करें नजरअंदाज... अवसाद की दस्तक हो सकती है!

Hapur News: बुढ़ापे में अकेलापन, उदासी, चिड़चिड़ापन और लोगों से दूरी बनाना जेरियाट्रिक डिप्रेशन के संकेत हो सकते हैं। हापुड़ जिला अस्पताल की ओपीडी में हर सप्ताह पांच से छह बुजुर्ग मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को लेकर पहुंच रहे हैं।

By :  Avnish Pal
Update:2026-11-27 11:39 IST

Hapur News

Hapur News: उम्र का बढ़ना जिंदगी का एक स्वाभाविक पड़ाव है, लेकिन इस पड़ाव पर पहुंचते ही उदासी, अकेलापन और निराशा को सामान्य मान लेना भारी पड़ सकता है। जिस उम्र में बुजुर्गों को परिवार के साथ, देखभाल और भावनात्मक सहयोग की सबसे अधिक जरूरत होती है, उसी समय कई लोग धीरे-धीरे अपनों से दूरी बनाने लगते हैं। किसी से बात करने का मन नहीं करना, पसंदीदा कामों में रुचि खत्म होना, छोटी-छोटी बातों पर चिड़चिड़ापन और हर समय थकान महसूस करना केवल बुढ़ापे का असर नहीं, बल्कि मानसिक बीमारी जेरियाट्रिक डिप्रेशन यानी बुजुर्गों में होने वाले अवसाद की दस्तक भी हो सकती है।चिंता की बात यह है कि परिवार के लोग अक्सर बुजुर्गों के व्यवहार में आए बदलाव को उम्र का तकाजा समझकर नजरअंदाज कर देते हैं।

कई बार बुजुर्ग खुद भी अपनी मानसिक परेशानी किसी के सामने जाहिर नहीं कर पाते। नतीजतन बीमारी धीरे-धीरे गंभीर रूप ले सकती है। विशेषज्ञों का कहना है कि बुजुर्गों में अवसाद की समय रहते पहचान और उचित उपचार बेहद जरूरी है। परिवार का थोड़ा सा समय, अपनापन और चिकित्सकीय परामर्श बुजुर्गों की जिंदगी में बड़ा बदलाव ला सकता है।जिला अस्पताल की मानसिक रोग विशेषज्ञ डाक्टर स्वाति सिंह के मुताबिक, बुजुर्गों में अवसाद की पहचान करना कई बार मुश्किल हो जाता है, क्योंकि इसके लक्षण हमेशा उदासी या रोने के रूप में सामने नहीं आते। कुछ बुजुर्ग लगातार शारीरिक कमजोरी, थकान, बदन दर्द, नींद नहीं आने और भूख कम लगने की शिकायत करते हैं। वहीं कुछ लोगों की याददाश्त प्रभावित होने लगती है। वे परिवार के सदस्यों से बातचीत कम कर देते हैं और सामाजिक गतिविधियों से भी दूरी बना लेते हैं।कई बार बुजुर्ग स्वयं को परिवार पर बोझ समझने लगते हैं। भविष्य को लेकर निराशा, बेवजह चिंता, आत्मविश्वास में कमी और जिंदगी के प्रति उत्साह समाप्त होना भी अवसाद के गंभीर संकेत हो सकते हैं। ऐसे बदलावों को केवल उम्र से जोड़कर छोड़ना उचित नहीं है।

बीमारियों के साथ मानसिक परेशानी भी बढ़ा सकती है मुश्किल

लंबे समय तक अवसाद से जूझने वाले बुजुर्गों की जीवन गुणवत्ता पर सीधा असर पड़ता है। मानसिक परेशानी के कारण पहले से मौजूद बीमारियों को संभालना मुश्किल हो सकता है। किसी ऑपरेशन या गंभीर बीमारी के बाद स्वस्थ होने की प्रक्रिया भी प्रभावित हो सकती है। अकेलापन, जीवनसाथी या करीबी लोगों का बिछड़ना, परिवार से पर्याप्त भावनात्मक सहयोग नहीं मिलना और सामाजिक गतिविधियों से कट जाना इस समस्या को और बढ़ा सकता है।विशेषज्ञों के अनुसार, बुजुर्गों की मानसिक स्थिति का ध्यान रखना उतना ही जरूरी है जितना उनके शारीरिक स्वास्थ्य का। परिवार के सदस्यों को उनके व्यवहार में होने वाले छोटे-छोटे बदलावों पर भी ध्यान देना चाहिए।

समय पर उपचार से लौट सकती है जिंदगी की खुशियां

मानसिक रोग विशेषज्ञ डाक्टर स्वाति सिंह ने बताया कि यदि किसी बुजुर्ग में लंबे समय तक उदासी, चिड़चिड़ापन, नींद और भूख में बदलाव या रोजमर्रा के कामों के प्रति अरुचि दिखाई दे तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसी स्थिति में चिकित्सक से परामर्श लेना जरूरी है। जेरियाट्रिक डिप्रेशन का उपचार संभव है। चिकित्सकीय जांच और सलाह के आधार पर दवाओं, मनोवैज्ञानिक परामर्श तथा कॉग्निटिव बिहेवियरल थेरेपी (सीबीटी) के माध्यम से मरीज की स्थिति में सुधार लाया जा सकता है।उन्होंने बताया कि बुजुर्गों की बातों को ध्यान से सुनना, उन्हें परिवार के फैसलों में शामिल करना, उनके साथ समय बिताना और सामाजिक गतिविधियों के लिए प्रोत्साहित करना भी मददगार हो सकता है। सबसे जरूरी है कि उनकी मानसिक परेशानी को कमजोरी या स्वभाव का हिस्सा न समझा जाए।

हर सप्ताह पांच से छह बुजुर्ग पहुंच रहे ओपीडी

जिला अस्पताल की मानसिक रोग विशेषज्ञ डाक्टर स्वाति सिंह ने बताया कि उनकी ओपीडी में प्रत्येक सप्ताह पांच से छह बुजुर्ग मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को लेकर पहुंच रहे हैं। उनकी परेशानियों को सुनकर मानसिक स्थिति का आकलन किया जाता है और जरूरत के अनुसार परामर्श व उपचार दिया जाता है। समय रहते बीमारी की पहचान होने पर बुजुर्गों को बेहतर जीवन जीने में मदद मिल सकती है। उनका कहना है कि बुजुर्गों को केवल दवाओं की नहीं, बल्कि परिवार के प्यार, सम्मान और साथ की भी जरूरत होती है।

Tags:    

Similar News