Hardoi News: हरदोई में NH-731 पर भीषण टक्कर, खाद से लदी दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां भिड़ीं, चालक घायल

Hardoi News: हरदोई के कछौना थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-731 पर खाद से लदी दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दोनों चालक घायल हो गए, जबकि हाईवे पर लंबा जाम लग गया।

Update:2026-06-17 20:48 IST

Hardoi News: हरदोई जनपद में नेशनल हाईवे-731 पर मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कछौना थाना क्षेत्र के रेसो गांव के पास खाद से लदी दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां आपस में टकरा गईं। दुर्घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हादसे में दोनों ट्रैक्टर चालकों को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियां खाद लेकर जा रही थीं। बताया जा रहा है कि दोनों वाहन तेज गति से चल रहे थे। इसी दौरान किसी कारणवश दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर ही पलट गई और उसमें लदी खाद की बोरियां हाईवे पर बिखर गईं। वहीं दूसरा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क के बीच बने डिवाइडर पर चढ़कर फंस गया।

पुलिस ने यातायात को कटियामऊ मार्ग से डायवर्ट कर दिया

दुर्घटना के चलते नेशनल हाईवे पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। लखनऊ की ओर जाने वाले मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही कछौना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। बढ़ते जाम को देखते हुए पुलिस ने यातायात को कटियामऊ मार्ग से डायवर्ट कर दिया, जिससे फंसे हुए वाहनों को धीरे-धीरे निकाला जा सका।इसके बाद प्रशासन की ओर से हाइड्रा मशीन मंगवाई गई। हाइड्रा की मदद से पलटी हुई ट्रॉली को सीधा कराया गया तथा सड़क पर बिखरी खाद की बोरियों को हटाकर किनारे कराया गया। काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद हाईवे पर यातायात सामान्य हो सका।पुलिस ने बताया कि हादसे में घायल दोनों ट्रैक्टर चालकों को तत्काल एंबुलेंस की सहायता से स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

Tags:    

Similar News