Hapur News: पुरानी रंजिश ने लिया हिंसक रूप, दो पक्षों में जमकर पथराव, रणक्षेत्र बना गांव मुदाफरा

Hapur News: हापुड़ के मुदाफरा गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई। जमकर पथराव हुआ जिससे गांव रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।

By :  Avnish Pal
Update:2026-06-17 18:40 IST

Hapur News(Photo-Social Media)

Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जनपद के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव मुदाफरा में बुधवार दोपहर पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई और दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर जमकर पथराव कर दिया। करीब 20 मिनट तक चले इस बवाल से पूरे गांव में दहशत फैल गई। हालात ऐसे बन गए कि ग्रामीण अपनी जान बचाने के लिए घरों में दुबकने को मजबूर हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बल प्रयोग कर स्थिति को नियंत्रित किया।घटना में दोनों पक्षों के दो लोग घायल हो गए, जबकि पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए छह आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में नामजद और अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुरानी रंजिश बनी संघर्ष की वजह

जानकारी के अनुसार गांव मुदाफरा में प्रथम पक्ष के जुगनू, जाहिद और जावेद तथा दूसरे पक्ष के रिहान, शमशीर और लईक के बीच काफी समय से विवाद चला आ रहा था। बुधवार दोपहर दोनों पक्षों का आमना-सामना होने पर पुरानी रंजिश को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शुरुआत में विवाद केवल बहस तक सीमित था, लेकिन कुछ ही मिनटों में दोनों पक्षों के समर्थक भी मौके पर पहुंच गए और मामला मारपीट तक पहुंच गया।इसके बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। अचानक हुए पथराव से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। सड़क पर गुजर रहे लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे, जबकि आसपास के परिवारों ने अपने घरों के दरवाजे बंद कर लिए।

20 मिनट तक चलता रहा पथराव, गांव में दहशत

ग्रामीणों के मुताबिक दोनों पक्षों के बीच करीब 20 मिनट तक लगातार पथराव होता रहा। इस दौरान क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा। कई लोगों ने अपने घरों की छतों और खिड़कियों से घटना का वीडियो भी बनाया, जो अब पुलिस के पास जांच के लिए उपलब्ध हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिस नहीं पहुंचती तो विवाद और भी गंभीर रूप ले सकता था। पथराव के दौरान गांव में भगदड़ जैसे हालात बन गए थे।

पुलिस ने संभाला मोर्चा, छह आरोपी दबोचे

ग्रामीणों की सूचना पर बाबूगढ़ थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने दोनों पक्षों को खदेड़कर हालात पर काबू पाया और उपद्रव में शामिल छह लोगों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपितों की पहचान जुगनू, जाहिद, जावेद, रिहान, शमशीर और लईक के रूप में हुई है।संघर्ष में घायल हुए जुगनू और लईक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

वीडियो और फोटो के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई

थाना बाबूगढ़ प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के छह नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना से संबंधित वीडियो और फोटोग्राफ पुलिस के हाथ लगे हैं, जिनकी जांच की जा रही है।उन्होंने बताया कि पथराव और उपद्रव में शामिल अन्य फरार आरोपितों की पहचान की जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गांव में फिलहाल पुलिस बल तैनात है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

Tags:    

Similar News